नई दिल्ली : रेड लाइट एरिया जीबी रोड की तरफ मौजमस्ती करने गए सिविल डिफेंस वालंटियर व उसके दोस्त को बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर चाकू से मार घायल कर दिया। दोनों खुद ही आरएमएल अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सिविल डिफेंस वालंटियर को मृत घोषित कर दिया। दूसरे की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। कमला मार्केट थाना पुलिस सीसीटीवी फुटेज व रेड लाइट इलाके के बदमाशों से पूछताछ कर आरोपितों के बारे में पता लगा रही है।

डीसीपी मध्य जिला संदीप भाटिया के मुताबकि, अमन न्यू अशोक नगर का रहने वाला था और डीटीसी बसों में मार्शल था। फिलहाल वह राजघाट बस डिपो में रिपोर्ट करता था। घायल युवक का नाम अनिरुद्ध उर्फ छोटू है।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात करीब 1:54 बजे आरएमएल अस्पताल से सूचना मिली कि जीबी रोड पर दो युवकों को चाकू मारा गया। दोनों अस्पताल पहुंचे हैं। अमन के कमर पर कई वार किए गए थ, उनकी मौत भी हो गई। वहीं अनिरुद्ध घायल हैं। वह नोएडा का रहने वाले हैं और गंगा जल प्रोजेक्ट में पंप ऑपरेटर हैं। आरएमएल पहुंचे पुलिस अधिकारी को अनिरुद्ध ने बताया कि वह अमन, हरिओम और राजू के साथ मौज-मस्ती करने जीबी रोड आया था।
हरिओम और राजू सिगरेट लेने चले गए। वह और अमन दोनों कोठा नंबर 64 में जाने के लिए सड़क पर खड़े थे, तभी एक बदमाश ने अमन का मोबाइल छीन लिया। अमन ने उसे दबोच लिया और पिटाई शुरू कर दी। अनिरुद्ध ने भी बदमाश को पीटा। तभी बदमाश के साथी ने पीछे से आकर अमन की पीठ पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया। अनिरुद्ध कुछ समझ पाता, उससे पहले बदमाश ने उसपर भी हमला कर दिया। इसके बाद दोनों फरार हो गए। अनिरुद्ध अमन को ऑटो में डालकर अस्पताल लेकर पहुंचा।
इकलौता बेटा था अमन
वह इकलौता बेटा था। अमन के पिता न्यू अशोक नगर में एक अपार्टमेंट के बाहर कपड़ों पर प्रेस करते हैं। उसके परिवार में मां व पिता के अलावा छोटी बहन है। देर रात परिजनों को अमन की हत्या की सूचना मिली। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया। फिलहाल, आरोपितों की तलाश जारी है।
