दिल्ली : दिल्ली कैंट इलाके में एक छात्र ने ट्रैफिक पुलिस के सिपाही को कार से कुचलने की कोशिश की और करीब चार सौ मीटर तक कार के बोनट पर लटके सिपाही को घुमाता रहा। कार को आड़ी-तिरछी चलाकर सिपाही को गिराकर भागने की कोशिश की, जिसे पुलिस ने लोगों की मदद से दबोच लिया। सिपाही ने फैंसी नंबर प्लेट देखकर कार को रोकने की कोशिश की थी। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अब ये वीडियो सामने आया है।

महिपाल सिंह दिल्ली कैंट ट्रैफिक सर्किल में तैनात हैं। सोमवार को उनकी ड्यूटी धौलाकुआं में थी। शाम 5 बजे तिलक नगर जाने वाले रास्ते पर फैंसी नंबर प्लेट की आई20 कार को आता देखकर सिपाही ने उसे रोकने की कोशिश की। चालक ने रफ्तार कम की, फिर अचानक उसकी रफ्तार बढ़ा दी। सिपाही खुद को बचाते हुए कार की बोनेट पर चढ़ गया और वाइपर पकड़ कर चालक को कार को रोकने के लिए कहता रहा। चालक कार को आड़ी-तिरछी कर सिपाही को गिराने की कोशिश करता रहा। करीब चार सौ मीटर तक ले जाने के बाद सिपाही कार से नीचे गिर गया और घायल हो गया। उसके बाद चालक ने कार भगाने की कोशिश की, जिसे एक किलोमीटर तक पीछा कर पुलिसकर्मियों ने लोगों की मदद से दबोच लिया। कार को उत्तम नगर निवासी शुभम(22) चला रहा था। उसके साथ कार में उसका दोस्त उत्तम नगर निवासी राहुल मौजूद था। दोनों स्नातक की पढाई कर रहे हैं।
पूछताछ में शुभम ने बताया कि सिपाही के बोनट पर गिरने के बाद वह डर गया था और इसीलिए कार को भगाने लगा। पुलिस ने उसके खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, गलत तरीके से गाड़ी चलाने और चोट पहुंचने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस उसे गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
