गुजरात के एक 28 वर्षीय युवक ने ट्रू-कॉलर पर महिला का नाम देखा तो दोस्ती करने के इरादे से अश्लील मैसेज भेजने शुरू कर दिए। उसने एक दिन तो महिला को आठ से दस मैसेज भेजे। आरोपी को पता नहीं था कि जिसे वह मैसेज भेज रहा है वह 65 वर्षीय वृद्धा है। हौजखास थाना पुलिस ने आरोपी लाड आशीष (28) को तापी, गुजरात से गिरफ्तार कर लिया। आरेपी को दिल्ली ले आया गया है।

दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर के अनुसार 65 वर्षीय वृद्धा सरकारी नौकरी से रिटायर हैं और एक काफी बड़ा एनजीओ चलाती है। वृद्धा को मई महीने में एक युवक व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजने लगा। मैसेज दोस्ती करने के अलावा बहुत ही ज्यादा अश्लील व भद्दे थे। महिला ने इसकी शिकायत हौजखास थाने में की थी। मामला दर्जकर हौजखास थानाध्यक्ष अक्षय की देखरेख में एसआई तालिब खान व एएसआई डूंगर सिंह की टीम ने जांच शुरू की। टीम ने जिस नंबर पर व्हाट्सएप चल रहा था उसकी डिटेल खंगाली। पता लगा कि नंबर गुजरात का है। एसआई तालिब खान अपनी टीम के साथ गुजरात पहुंचे और उन्होंने तापी गुजरात से लाड आशीष को गिरफ्तार कर लिया। तालिब खान आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया गया है। आरोपी के मोबाइल से महिला को भेजे गए अश्लील मैसेज मिल गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी आशीष गुजरात में हुंडई शोरूम में काम करता है। उसने बताया कि वह ट्रू कॉलर पर नंबर देख रहा था। तभी ट्रू-कॉलर पर एक महिला का नाम आया तो वह उस नंबर पर मैसेज भेजने लग गया। वह महिला को पहले से नहीं जातना था और न ही ये जानता था कि महिला की उम्र कितनी है।
