नई दिल्ली : कोरोना के डर से जो श्रद्धालु झंडेवाला देवी मां के दरबार नहीं पहुंच पा रहे, उनके लिए झंडेवाला देवी मंदिर समिति ने दर्शन के लिए एक विशेष व्यवस्था की है। जिसके तहत देवी मां के दरबार से सजे आठ रथ पूरी दिल्ली में घूमाए जा रहे हैं। नवरात्र के पहले दिन से लेकर नवमीं तक यह रथ हर रोज श्रद्धालुओं को मां के दर्शन कराने उन्हीं के पास पहुंचेंगे।
मंगलवार को करोल बाग स्थित झंडेवाला मंदिर से निकले रथ पर सवार देवी मां के दर्शन करने श्रद्धालु यमुना विहार स्थित ली डायमंड बैंक्वेट हॉल के बाहर पहुंचे। यहां शारीरिक दूरी का पालन करते हुए श्रद्धालुओं को झंडेवाला देवी के दरबार के दर्शन कराए गए। एक बड़े ट्रक पर पूरा दरबार बनाया गया है। लोगों ने रथ पर सवार देवी मां को पुष्प चढ़ाकर उनका आशीर्वाद लिया। दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के हाथों को पहले सैनिटाइज किया गया। इसके बाद शारीरिक दूरी बनाकर एक-एक करके उन्हें दर्शन कराए गए। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था भी की गई। रथ के पास ही श्रद्धालुओं को भक्तिमय भजन-गीत सुनने का आनंद भी प्राप्त हुआ।

