नई दिल्ली : सब्जियों की कम आवक के चलते दिल्ली-एनसीआर में प्याज के साथ-साथ आलू और टमाटर के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इस दौरान खुदरा बाजार में टमाटर जहां 60 रुपये से भी अधिक के दाम पर बिक रहा है, वहीं आलू का दाम भी 50 रुपये प्रतिकिलो के पार पहुंच गया है। यह स्थिति दिल्ली के साथ इससे सटे शहरों नोएडा-ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद की भी है।

लोगों को बिगड़ा किचन का बजट
महंगी होती सब्जियों ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। ओखला फल एवं सब्जी मंडी में आढ़ती मजहर खान ने बताया कि फिलहाल केवल कोल्ड स्टोरेज में रखी सब्जियां ही आ रही हैं, जिससे दाम कम नहीं हो रहे हैं। आसपास के किसानों द्वारा सब्जी इस समय मंडी में नहीं लाई जा रही है। त्योहारों के मौसम में सब्जियों की कीमतें आम लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही हैं।
बता दें कि इस बार कई राज्यों में भारी बारिश के चलते अगस्त महीने से सब्जियों की आवक कम रही, जिसके कारण दाम बढ़े हुए थे। यह सिलसिला अब तक जारी है, लेकिन वजह दूसरी है।
