नई दिल्ली : पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में एक महिला कमेटी के लाखों रुपये लेकर फरार है, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पीड़ित अपनी फरियाद लेकर पुलिस के पास पहुंच रहे हैं, कई लोगों ने महिला के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। पुलिस शिकायतें लेकर मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ितों की आखिरी उम्मीद अब पुलिस से बची है। लाखों रुपये फंसे होने के कारण कई पीड़ितों की हालत सड़क पर आने की हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।एक शिकायतकर्ता छाया पांडेय अपने परिवार के साथ वेस्ट विनोद नगर में रहती हैं। उनकी गाजियाबाद में अपनी एक केमिकल की फैक्टरी है, जिसकी देखेरख उनके पति अजय पांडेय करते हैं। छाया ने बताया कि जनवरी 2017 में वह एक कार्यक्रम में गई थी, वहां उनकी मुलाकात मधु गुप्ता नाम की महिला से हुई थी। मधु ने उन्हें बताया कि वह कमेटी चलाती हैं, उसक पास कमेटी का लाइसेंस भी है। कुछ दिनों के बाद मधु कुछ रजिस्टर लेकर पीड़िता के घर पर पहुंची, जिसमें कमेटी का हिसाब किताब लिखा हुआ था। मधु उसके झांसे में आ गई और कमेटी डाल ली।

