फरीदाबाद :दलित अधिकार मंच ने आज नगर निगम फरीदाबाद की महापौर सुमन बाला के निवास पर मुलाकात की तथा बीके चौक का नाम भगवान बाल्मीकि चौक रखने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।गौरतलब है कि आज दलित अधिकार मंच के जिला संयोजक नरेश कुमार शास्त्री के नेतृत्व में नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य उप महासचिव सुनील चिंडालिया, जिला प्रधान गुरचरण खाडिय़ा, सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर, सचिव सोमपाल झिझोटिया, श्रीनंद ढकोलिया आदि नेताओं ने निगम महापौर से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दलित अधिकार मंच द्वारा पिछले 1 वर्ष से अम्बेडकर चौक का सौन्दर्यीकरण करने तथा बीके चौक का नाम बदलकर भगवान वाल्मीकि के नाम पर नामकरण करने की मांग को लेकर निगम प्रशासन एवं नगर निगम सदन एवं महापौर को दर्जनों पत्र लिखे हैं, लेकिन निगम प्रशासन एवं सदन लगातार दलितों की भावनाओं एवं उनकी आस्था की अनदेखी कर रहे हैं। नाराज दलित संगठन ने कल शनिवार को दलित अधिकार मंच के प्रतिनिधियों की एक बैठक नगर निगम सभागार में प्रात: 10. बजे बुलाई है। इस बैठक में दलित अधिकार मंच के बैनर तले आंदोलन की रूपरेखा बनाई जाएगी।

