फरीदाबाद : आज पूरे देशभर के किसान जहां कृषि अधिनियमों के खिलाफ दिल्ली कूच कर रहे हैं, वहीं फरीदाबाद के तिगांव विधानसभा क्षेत्र के रायपुर कलां गांव में सैंकड़ों किसानों ने प्रदर्शन करते हुए पंजाब के किसानों से अपने हिस्से का एसवाईएल नहर का पानी देने की मांग की। भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुखबीर मलेरना के नेतृत्व में किसानों ने प्रैस के सामने अपना दुखड़ा सुनाते हुए पंजाब के किसान भाईयों से हरियाणा के किसानों को उनका पानी का हिस्सा दिए जाने की मांग की। उन्होंने केन्द्र सरकार से मांग की, कि ऐसे में जब सरकार किसानों की समस्यायों का समाधान कर रही है और उनकी बात सुन रही है, तो एसवाईएल नहर के पानी की समस्या का समाधान भी किया जाना चाहिए। सुखबीर मलेरना ने कहा कि एसवाईएल नहर का पानी आने से हरियाणा के किसानों की सिंचाई की समस्यायों का समाधान हो जायेगा। बांगर क्षेत्र में जहां पानी का जल स्तर हजार फीट से भी नीचे है, वहां किसान अपनी फसल जोत-बो सकेंगे और अपने परिवार का पालन-पोषण कर पाएंगे। इस मौके पर किसान भाईयों ने कहा कि पंजाब के किसान भाईयों को बड़ा दिल दिखाते हुये एसवाईएल नहर को बनाने में हरियाणा के किसानों का साथ देना चाहिए। पंजाब के किसानों ने इस नहर को मिट्टी से पाटकर समतल कर दिया है और अपने खेतों में मिला लिया है। जब हम सब भाई-भाई हैं और किसान हितैषी मुद्दों पर उनके साथ हैं, तो ये भेदभाव कैसा। जब किसान आंदोलन में सरकार दूसरी समस्याओं का समाधान कर रही है और इसमें पंजाब और हरियाणा के सभी किसान संगठन ,विपक्षी दल और पंजाब के भी सभी किसान संगठन, सत्तापक्ष, विपक्षी दल शामिल हैं तो क्यो ना 60 साल से लंबित एसवाईएल के मुद्दे का भी समाधान हो जाये। इस मौके पर किसानों ने अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिये भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुखवीर मलेरना को बुलाया और उनकी मांगों को मीडीया के माध्यम से सरकार तक पहुंचाने का आग्रह किया। इस अवसर पर काफी संख्या में महिला किसान भी मौजूद रही। ध्यान रहे कि ये मांग उस वक्त आयी है जब हरियाणा और पंजाब का किसान सिंधू बार्डर पर बैठा है और एक ही थाली में बैठकर खाना खा रहे हैं। इस मौके पर मुख्य रुप से सुखवीर मलेरना जिलाध्यक्ष भाजपा किसान मोर्चा, मैंबर पंचायत बलबीरसिंह, जगनेशवर, सतनाम सिंह, धर्मसिंह सागर सरपंच, रणजीत सिंह मैंबर पंचायत, सुरेंद्र सिंह किसान नेता, दिवान सिंह, जरनैल सिंह, बग्गा सिंह, पंजा सिंह, इलियास खान, सुरजीत, गुरदयाल सिंह, चरणसिंह आदि सैंकड़ों किसान मौजूद रहे।

