फरीदाबाद ; निकिता हत्याकांड को 70 दिन पूरे होने का होने के बाद भी निकिता के परिवार को पूरी तरह से न्याय नहीं मिल पाया है. इसी बात से नाराज आज सर्वसमाज के लोगों की तरफ से एक निकिता के घर पर बैठक आयोजित की, जिसमें निकिता का परिवार भी शामिल हुआ. इस दौरान सर्वसमाज के लोगों ने सरकार से जल्द मांग पूरी करने की मांग की वहीं निकिता के पिता मूलचंद तोमर ने कहा कि उन्हें अभी तक केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं. उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया है. उनकी मांग है कि बल्लभगढ़ में बन रहे गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज का नाम निकिता के नाम पर रखा जाए. इसी के साथ निकिता के भाई को योग्यता अनुसार सरकारी नौकरी मिले और परिवार को आर्थिक मदद भी दी जाए l

निकिता केस के वकील एदल सिंह का कहना है कि इन मांगों को पहले भी महापंचायत में रखा गया था. सरकार की तरफ से भी उन्हें आश्वासन मिला था लेकिन किसी भी मांग पर अभी सरकार ने विचार नहीं किया है. वहीं उनका कहना है कि 2018 में मुख्य आरोपी तौसीफ द्वारा निकिता को अपहरण करने की कोशिश की गई थी जिसकी शिकायत थाने में भी की गई. लेकिन आरोपी के परिवार के राजनैतिक रसूख के चलते उन्हें अपनी शिकायत वापस लेनी पड़ी थी, लेकिन अब इस हत्याकांड के बाद प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज ने 2018 के मामले की भी जांच के आदेश दिए थे. लेकिन पुलिस ने अभी तक उस केस में शामिल आरोपियों में किसी को भी गिरफ्तार नहीं किया है. अब उन्होंने आगे का फैसला सर्व समाज के ऊपर छोड़ दिया है l
