फरीदाबाद : वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन’ की ‘राष्ट्रीय असाधारण सामान्य बैठक’ विगत 9 जनवरी को संपन्न हुई। वर्चुअल प्लेटफार्म -“ज़ूम” पर आयोजित हुई इस बैठक में 22 राज्यों व केंद्र-शाषित प्रदेशों के सदस्यों ने भाग लिया। वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ़ किकबॉक्सिंग आर्गेनाइजेशन (वाको वर्ल्ड) के अध्यक्ष श्री रॉय बेकर, स्वतन्त्र प्राधिकृत श्री उदय कुमार सागर (अधिवक्ता-सर्वोच्च न्यायालय, दिल्ली) व तकनीकी पर्यवेक्षक श्री रोमियो डेसा (चेयरमैन वाको वर्ल्ड टेक्निकल कमिटी, क्रोएशिया) व प्रयवेक्षक श्री सलीम कायिकी (उपाध्यक्ष वाको वर्ल्ड ) की देख-रेख में आयोजित इस सभा के अजेंडे में मुख्य बिंदु, वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के अध्यक्ष का चुनाव, मौजूदा कार्यकारी बोर्ड, गवर्निंग कॉउन्सिल व सभी समितियों और उप समितियों को भंग कर नए कार्यकारी बोर्ड, गवर्निंग कॉउन्सिल का गठन करना थे।
वर्तमान अध्यक्ष श्री संतोष कुमार अग्रवाल (हरियाणा ) को सर्वसम्मति से 2021 – 2025 तक कार्यकाल के लिए फेडरेशन का अध्यक्ष चुना गया। महासचिव पद के लिए श्री संजय यादव (हिमाचल प्रदेश ), श्री अभिषेक जैन (जम्मू-कश्मीर ) को कोषाध्यक्ष; श्री देवेंदर सिंह ढुल्ल को वरिष्ठ उपाध्यक्ष; श्री कार्तिक डाकुआ (ओडिशा) एवं श्री बुलंग मारिक (अरुणाचल प्रदेश) को उपाध्यक्ष चुना गया. श्री आनंद मोहन शरण, आई ऐ. एस. को चेयरमैन; श्री चंद्र मोहन शर्मा (चंडीगढ़) वाइस-चेयरमैन; श्री सतीश पराशर (हरियाणा) मुख्य सलाहकार; श्री रामानुजनयेलु (तेलंगाना) और श्री अनिल के. शर्मा (दिल्ली) दोनों को संयुक्त सचिव व श्री योगराज खुराना (पंजाब), श्री लोरेंजो वर्जरी (मेघालय), श्री हिरण्य कुमार बरुआ (असम) एवं श्री पुष्पेंदर वीर गुर्जर (राजस्थान) को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया।
सभा में उपस्थित वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के सभी सदस्यों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का अभिवादन किया और आने वाले कार्यकाल के लिए फेडरेशन के उज्जवल भविष्य की शुभकामनायें दी। इस मौके पर वाको वर्ल्ड अध्यक्ष श्री रॉय बेकर ने वाको इंडिया व श्री संतोष कुमार अग्रवाल के विगत तीन वर्षों के दौरान किये गए प्रयासों की सराहना करते हुए सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। श्री रोमियो डेसा ने सम्बोधित करते हुए कहा की वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन की गतिविधियां और श्री संतोष कुमार अग्रवाल जी के अथक प्रयासों का ही परिणाम है की आज एशियाई रैंकिंग में भारत का स्थान शीर्ष तीन देशों में शामिल है। प्रयवेक्षक श्री सलीम कायिकी ने भी अपने सम्बोधन में वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वाधान में भारतीय किकबॉक्सिंग खिलाडियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।