नई दिल्ली : श्रीराम जन्मभूमि में भव्य मंदिर निर्माण में अर्पण को लेकर दिल्लीवासियों की बेसब्री खत्म होने वाली है। राष्ट्रीय राजधानी में मंदिर निर्माण के लिए विश्व हिंदूू परिषद (विहिप) के निधि अर्पण के 27 दिवसीय अभियान का शुभारंभ सोमवार से हो गया है। अभियान के अंतर्गत घर-घर संपर्क करने के लिए एक लाख से ज्यादा संख्या में रामभक्तों की टोली तैयार हो गई है, जिनका प्रयास राष्ट्रीय राजधानी के हर घर तक पहुंचने का होगा, ताकि कोई भी समर्पण से वंचित न रह जाए। यह अभियान 27 फरवरी तक चलेगा। विहिप ने इस अभियान के मद्देनजर समिति का गठन भी किया है, जिसमें धार्मिक, व्यापार व्यापारी, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, कला व साहित्य, जाति-बिरादरी व खेल जगत समेत अन्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हैं। इसके अध्यक्ष प्रसिद्ध समाजसेवी व उद्योगपति महेश भागचंदका हैं। समिति की पहली बैठक रविवार को आरामबाग स्थित उदासीन आश्रम में हुईं।

