फरीदाबाद : कोरोना वायरस संक्रमण के चलते पिछले करीब 9 महीने से बंद स्कूल खुल गए हैं, जिससे क्लास रूम में रौनक लौट आई है। फिलहाल जिले में छठी से आठवीं तक के ही स्कूल खुले हैं। लगभग सभी राजकीय-निजी स्कूलों में केंद्र सरकार द्वारा जारी एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) का पालन जा रहा है। जिले में करीब 40 फीसदी विद्यार्थी ही स्कूलों में पहुंच रहे हैं। क्लास रूम में प्रत्येक बेंच पर एक ही छात्र के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं के लिए मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के फैलने के बाद मार्च महीने से ही लॉकडाउन के बाद स्कूल बंद थे। करीब आठ माह बाद 9वीं से 12वीं तक के लिए स्कूल खोल दिए गए थे।

इससे पहले सोमवार से छठी से आठवीं तक की कक्षा के लिए भी स्कूल खोल दिए गए। इस दौरान ऑनलाइन कक्षाएं भी जारी रहीं। स्कूल आने के लिए छात्रों को अपने साथ कोरोना जांच की रिपोर्ट और अभिभावकों से सहमति पत्र लाना अनिवार्य है। सभी छात्र सहमति पत्र तो लेकर पहुंचे, लेकिन स्वास्थ्य जांच की कमी दिखी। इस कारण कई विद्यार्थियों को स्कूल से वापस लौटा दिया गया।
