दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि धरना स्थलों से किसानों के गायब होने का मुद्दा गंभीर चिंता का विषय है। हम उन्हें उनके परिवारों से मिलाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की जेलों में बंद 115 किसान आंदोलनकारियों की लिस्ट जारी की। उन्होंने कहा कि सूचना मिली कि दिल्ली किसान आंदोलन में जो लोग हिस्सा लेने आए थे वे अभी तक घर नहीं पहुंचे हैं। दिल्ली के अलग-अलग जिलों में जिन लोगों को किसान आंदोलन के संबंध में गिरफ्तार किया गया है उनकी हमने कल एक लिस्ट बनाई है। ये लिस्ट हम अभी जन सूचना के लिए जारी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके बाद हमने दिल्ली की जिन-जिन जेलों में 26 जनवरी की घटना के बाद से किसान आंदोलन से संबंधित लोग बंद हैं। उनकी एक लिस्ट तैयार करवाई है। अगर उसके बाद भी कुछ लोग मिसिंग रह जाते हैं तो हमने किसान संगठन के लोगों को उन्हें तलाश करने का आश्वासन दिया है। अगर इसके अलावा कोई सूचना मेरे पास आएगी कि लोग मिसिंग है तो उन्हें ढूंढने के लिए प्रयास करूंगा। इस बारे में केंद्र सरकार से भी बात करेंगे। हम परिवार के लोगों को भी बताना चाहते हैं कि जो लोग भी मिसिंग है उनका पता करके आपको सूचित करेंगे।

केजरीवाल ने न्याय के लिए उनकी लड़ाई में पूरा सहयोग देने का वादा किया है। मोर्चा के नेताओं ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा ने सोमवार को एक कानूनी टीम का गठन किया है और लापता हुए या जेल में बंद लोगों की मदद की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो मैं उपराज्यपाल और केंद्र सरकार से बात करूंगा।
