नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के बाद तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों से संबंधित दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के एक इंटरव्यू का वीडियो पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के मीडिया सलाहाकार ने भी ट्वीट किया है। इस पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने न सिर्फ कैप्टन को फर्जी वीडियो डालने को लेकर घेरा, बल्कि उन्हें कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। इतना ही नहीं, सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से भी इस इंटरव्यू के तथ्यों को प्रकाशित नहीं करने की गुहार लगाई है।

इस पूरे मसले पर आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि चौंकाने वाली बात है यह है कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह अपने राजनीतिक फायदे के लिए ऐसी गंदी राजनीति का सहारा ले रहे हैं। दरअसल, कैप्टन के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने दिल्ली के मुख्यमंत्री का 17 सेकेंड का एक वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया था। इस वीडियो में अरविंद केजरीवाल कृषि कानूनों का समर्थन करते दिख रहे हैं। यही वीडियो दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया है। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा (BJP national spokesperson Sambit Patra) ने भी ट्वीट किया था। इस मामले में आम आदमी पार्टी ने संबित पात्रा के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है। इस पूरे मसले पर आम आदमी पार्टी की ओर से कहा गया है कि भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने दुर्भावना और मुख्यमंत्री की छवि खराब करने के लिए उनका डॉक्टर्ड वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया।
