नई दिल्ली : दिल्ली के अलग-अलग बॉर्डर पर करीब दो महीने से बैठे किसानों का आंदोलन अब एक अलग मोड़ ले चुका है। 26 जनवरी को दिल्ली में हुई हिंसा के बाद से किसान आंदोलन को लेकर सरकार से लेकर सेलेब्स तक… सबकी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। हाल ही में आंदोलन को लेकर अंतरराष्ट्रीय सिंगर रिहाना ने एक ट्वीट किया जिसके बाद बॉलीवुड दो फाड़ हो गया। कुछ सेलेब्स ने रिहाना के समर्थन का शुक्रियाअदा किया तो कुछ ने देश में एकता बनाए रखने की अपील की।

रिहाना के ट्वीट के बाद अक्षय कुमार ने भी एक ट्वीट किया और लिखा, ‘किसान हमारे देश का बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं। इसलिए सभी मिलकर एक समाधान के लिए समर्थन करें। किसी भी तरह का विभाजन पैदा करने वालों पर ध्यान देने की बजाय समाधान पर फोकस करें।’ खिलाड़ी कुमार का ये ट्वीट सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हुआ।
