फरीदाबाद : कृषि कानूनों के विरोध में विभिन्न संगठनों के चक्का जाम के आह्वान के दौरान उपद्रव से निपटने के लिए पुलिस मुस्तैद है। जिले में कई विपक्षी दलों के नेताओं के घर सुबह ही स्थानीय पुलिस पहुंच गई। उन्हें घर से बाहर निकलने से रोक दिया गया। चक्का जाम का आह्वान दोपहर 12 से तीन बजे तक है। अभी तक किसी संगठन की खास गतिविधि जिले में नजर नहीं आई है। पुलिस अभी से सतर्क हो गई है।पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने बताया कि तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। बदरपुर बार्डर व सीकरी बार्डर पर सीआइएसएफ के जवान तैनात किए गए हैं। जिले में 25 जगह नाके लगाए गए हैं। करीब तीन हजार पुलिसकर्मियों को सड़क पर सुरक्षा के लिए तैनात किया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र में गश्त और नाकों का निरीक्षण करने के निर्देश दिया है। बल्लभगढ़ बस अड्डे पर भी पुलिस की गई है। सेक्टर-12 हुडा, सेक्टर-8, चंदावली पुल, सेक्टर-58 ट्रांसपोर्ट नगर और बड़खल फ्लाइओवर पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस आयुक्त ने सभी डीसीपी, एसीपी व थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र में मौजूद रहने व लगातार गश्त के निर्देश दिए हैं।
तीन घंटे नहीं चलेंगी हरियाणा रोडवेज की बसें
बता दें कि कृषि कानून विरोधी आंदोलन से जुड़े संगठनों द्वारा शनिवार को दोपहर 12 से 3 बजे तक चक्का जाम करने की घोषणा को ध्यान में रखते हुए हरियाणा रोडवेज तीन घंटे तक सभी रूटों पर अपनी बस सेवा स्थगित रखेगा, ताकि किसी तरह का नुकसान न हो। रोडवेज अधिकारियों को आशंका है कि 26 जनवरी की तरह कोई उपद्रव होता है, तो ऐसी स्थिति में सड़क से निकलती बसों को निशाना बनाया जा सकता है। ऐसी स्थिति से बचने के लिए विभाग ने तीन घंटे बस सेवा बंद करने का फैसला लिया है।
