फरीदाबाद : नीलम पुल को लेकर निगमायुक्त के सख्त आदेश का असर शनिवार को दिखाई दिया। क्षतिग्रस्त पिलर्स की मरम्मत में जुटी एजेंसी के कर्मचारी पुल के ऊपर काम करते हुए दिखाई दिए। यहां पुल की साइड में सड़क कटिग का काम शुरू किया गया। कार्यकारी अभियंता ओपी कर्दम का कहना है कि पुल पर पूरी तरह आवागमन सोमवार को तीन दिन के लिए बंद किया जा सकता है, हालांकि इस बाबत अंतिम निर्णय रविवार को पुल की मरम्मत में जुटी एजेंसी के अधिकारियों से बातचीत के बाद लिया जाएगा।
बता दें कि पिछले वर्ष 22 अक्टूबर को औद्योगिक नगरी के प्रवेश द्वार कहे जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े नीलम-अजरौंदा पुल के नीचे कबाड़ के ढेर में आग लग गई थी। आग के कारण चार पिलर्स क्षतिग्रस्त हो गए थे। तब से लेकर अब तक नीलम पुल की एक साइड बंद है। काम चालू करने के बाद पिलर्स मरम्मत का तो काम पूरा कर दिया गया है। अब बेयरिग डाले जाने का काम बाकी है। दैनिक जागरण ने मंद गति से हो रहे काम पर सवाल उठाते हुए 12 फरवरी के अंक में बीत गए 112 दिन, कब मिलेगी नीलम पुल के जाम से निजात शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इस खबर पर संज्ञान लेते हुए जिला उपायुक्त व निगमायुक्त यशपाल यादव ने एक सप्ताह के अंदर काम पूरा करने के निर्देश दिए थे।
