फरीदाबाद : मानव रचना कारपोरेट क्रिकेट चैलेंज के पहले मुकाबले में मेटाफैब ने गौरव के हरफनमौला खेल की बदौलत आइआरकान इंटरनेशनल के खिलाफ सात विकेट से जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मुकाबले में कंवलदीप की शानदार गेंदबाजी ने हीरोमोटो कार्प की डीडी न्यूज के खिलाफ पांच विकेट से जीत में भूमिका निभाई।
मानव रचना शिक्षण संस्थान के मैदान पर खेले गए मुकाबले में आइआरकान इंटरनेशनल ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 175 रन बनाए। राजेंद्र सिंह ने सात छक्के लगाकर 68, सुरेंद्र ने तीन छक्कों की बदौलत 26 रन बनाए। मेटाफैब की ओर से अजय, गौरव ने दो-दो और बृजमोहन व शिशिर ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए मेटाफैब की टीम ने पांच विकेट नुकसान पर 177 रन बनाकर जीत हासिल की। गौरव ने नाबाद 44, सन्नी शर्मा ने तीन छक्के लगाकर 37 और दीपांशु ने पांच छक्के लगाकर 36 रन बनाए। आइआरकान इंटरनेशनल की ओर से रघु ने तीन और देव ने एक विकेट लिया। गौरव को मैन आफ द मैच दिया गया। दूसरे मुकाबले में डीडी न्यूज की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.5 ओवर में 149 रन पर आल आउट हो गई। दीपक चावला ने 34 और अभिलाष शर्मा ने 31 रन बनाए। हीरोमोटो कार्प की ओर से कंवलजीत सिंह ने पांच, दीपक कुमार ने दो, संदीप व आशीष ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए हीरोमोटो कार्प की टीम ने 13.2 ओवर में 151 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। रोहित ने पांच छक्के लगाकर 62, राहुल दहिया ने 41 रन बनाए। डीडी न्यूज की ओर से सन्न ग्रोवर ने दो, विनोद अत्री ने एक विकेट लिया। एसोसिएशन आफ इंडियन यूनिवर्सिटी के संयुक्त सचिव बलजीत सिंह ने कंवलजीत सिंह को मैन आफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया।
