फरीदाबाद : मानव रचना कारपोरेट क्रिकेट चैलेंज के पहले मुकाबले में रोहन गुलाटी के शतक की बदौलत एडिडास की टीम ने प्रेस क्लब आफ इंडिया की टीम के खिलाफ 38 रन से जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मुकाबले में अमित भारद्वाज की आतिशी बल्लेबाजी की बदौलत होंडा मोटरसाइकिल ने एनएचपीसी के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में एडिडास की टीम ने टास जीतकर बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 255 रन बनाए। रोहन गुलाटी ने 13 छक्के लगाकर 115, मुकेश ने सात छक्के लगाकर 59 और कमल ने 27 रन बनाए। प्रेस क्लब आफ इंडिया की ओर से राकेश झा, सावन ने दो-दो और हेमंत व अमित ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रेस क्लब आफ इंडिया की टीम निर्धारित ओवर में सात विकेट खोकर 217 रन ही बना सकी। अमित ने 54 और सावन ने 52 रन बनाए। एडिडास की ओर से जितेंद्र, वसीम व मानस जैन ने दो-दो और मुकेश ने एक विकेट लिया। रोहन गुलाटी को एमआरआइआइआरएस के खेल निदेशक सरकार तलवाड़ ने मैन आफ द मैच दिया। दूसरे मुकाबले में एनएचपीसी ने बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट खोकर 184 रन बनाए। पुनीत ने तीन छक्के लगाकर 64, दीपक वर्मा ने 32 और हरीश राणा ने 30 रन बनाए। होंडा मोटरसाइकिल की ओर से रिक्की, रचित, शुभम और आशीष ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए होंडा मोटरसाइकिल की टीम ने चार विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। अमित भारद्वाज ने नौ छक्कों की बदौलत 117, सुनील कुमार ने 39 रन बनाए। एनएचपीसी की ओर से शशांक ने दो, रमेश और एसके सिंह ने एक विकेट लिया। मानव रचना खेल विभाग के प्रमुख किशोर कुमार को मैन आफ द मैच दिया गया।
