फरीदाबाद : ग्रेटर फरीदाबाद स्थित लोगों को मार्च तक पहला सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) मिल जाएगा। यह प्लांट सेक्टर-77 में बनेगा। एसटीपी का काम अंतिम चरण में है। शहर विकास प्राधिकरण की ओर से मार्च तक काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए एचएसवी की ओर से सेक्टर वासियों से सीवर कनेक्शन के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इससे सभी कनेक्शनों को वैध किया जा सकें।
ग्रेटर फरीदाबाद में प्राधिकरण द्वारा सेक्टर-75 से 89 तक सेक्टर अलॉट किए गए हैं। यहां 23 से अधिक सोसाइटी में करीब एक लाख लोग रहते हैं। प्राधिकरण का अभी तक यहां एक भी सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण पूरा नहीं हो सका है। बादशाहपुर में प्लांट निर्माण का काम चल रहा है। यही कारण है कि सोसाइटी में सीवर के पानी निकासी के इंतजाम नहीं है। इस कारण गंदा पानी ग्रेफ में इधर-उधर जमा रहता है। कई जगह तो गंदे पानी के तालाब बन गए हैं। जब यह मामला एनजीटी पहुंचा तो वहां से सोसाइटी के खिलाफ नोटिस जारी कर दिए गए थे। बिल्डरों पर जुर्माना लगा दिया गया। एनजीटी की सख्ती के बाद प्राधिकरण का सेक्टर-77 में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण तेजी से पूरा किया जा रहा है। यह जल्द चालू हो जाएगा। दूसरा प्लांट बादशाहपुर में बनेगा। इसलिए सेक्टर-77 की सोसाइटी निवासियों से सीवर कनेक्शन के लिए आवेदन करने के लिए कहा गया है। आवेदन प्राप्त होने पर कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
