टूलकिट मामले में गिरफ्तार क्लाइमेट एक्टिविस्ट दिशा रवि के मामले में पटियाला हाउस कोर्ट में आज फिर सुनवाई होने वाली है. पटियाला हाउस कोर्ट में दिशा रवि की जमानत याचिका पर दोपहर बाद 2 बजे सुनवाई होनी है. कोर्ट ने 22 साल की एक्टिविस्ट को कल न्यायिक हिरासत में भेज दिया था.
इस मामले में अटॉर्नी सॉलिसिटर जनरल पेश होंगे. हालांकि अभी फाइनल जवाब सबमिट नहीं किया गया है लेकिन अटॉर्नी सॉलिसिटर जनरल (ASG) एसवी राजू ने कहा कि वह बिना जवाब के भी अपनी दलील रख सकते हैं. इस पर कोर्ट के जज धर्मेंद्र राणा ने कहा कि अब वह दोपहर बाद मामले की सुनवाई करेंगे. कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन से जुड़े टूलकिट मामले में गिरफ्तार दिशा रवि को शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट से कोई राहत नहीं मिली. दिशा रवि की ओर से मीडिया में टूलकिट से जुड़ी जानकारी लीक होने को लेकर याचिका लगाई थी. उनकी मांग थी कि जांच से जुड़े तथ्य मीडिया के साथ साझा न किए जाएं. मगर दिल्ली हाईकोर्ट ने इस संबंध में किसी तरह का अंतरिम आदेश जारी करने से इनकार कर दिया. दिल्ली हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि सभी पक्षकारों को एक हफ्ते में इस मामले में अपना जवाब देना होगा. अब इस मामले में अगली सुनवाई 17 मार्च को होनी है.
