नई दिल्ली : अगर आप भी उत्तरी दिल्ली नगर निगम में टीचर हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है। दरअसल, उत्तरी दिल्ली नगर निगम की ओर से फरमान आया है कि शिक्षकों ने अगर मोबाइल एप से हाजिरी नहीं लगाई तो वे तबादले के लिए तैयार रहें। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के शिक्षा विभाग ने यह चेतावनी देते हुए एक सप्ताह के भीतर आदेश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। आदेश में यह भी कहा गया है कि सभी स्कूल के प्रमुख अपने-अपने स्कूल के शिक्षकों को हाजिरी लगाने के लिए कहें। एक सप्ताह तक यह सुनिश्चित हो कि सभी लोग मोबाइल ऐप से ही हाजिरी लगाएं। अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो एक जोन से दूसरे जोन में तबादले के लिए तैयार रहें।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने अपने आदेश में यह भी कहा गया है कि जो शिक्षक आनलाइन कक्षाएं नहीं ले रहे हैं वह ऑनलाइन कक्षाएं लें। स्वच्छता सर्वेक्षण को देखते हुए निगम के सभी स्कूलों को साफ-सुथरा रखने के भी निर्देश दिए गए हैँ। उल्लेखनीय है कि शिक्षक संगठन यह कहते हुए ऑनलाइन ऐप से हाजिरी लगाने का विरोध कर रहे हैं कि उससे महिलाओं की निजी जानकारी और उनकी लोकेशन की जानकारी साझा होगी। इस वजह से उनकी सुरक्षा को खतरा। विभाग के इस आदेश से यह स्पष्ट हो गया है कि अब कोई भी बहानेबाजी शिक्षक संगठनों की नहीं चलेगी। उन्हें विभाग की ओर से तय किए गए ऐप से ही हाजिरी लगानी होगी। यहां पर बता दें कि दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले सामने आने के बाद से टीचर ऑनलाइन क्लास ले रहे हैं। वहीं, दिल्ली सरकार स्कूल खोलने का आदेश दे चुकी है। वैसे स्कूल में जहां छात्र जा रहे हैं, वहीं ऑनलाइन क्लास भी जारी है।
