फरीदाबाद : हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा पुष्प मेले का आयोजन इस बार भी नहीं होगा। अधिकारी कोरोना संक्रमण को इसकी वजह बता रहे हैं, लेकिन प्राधिकरण की आर्थिक हालत ठीक न होना भी एक कारण बताया जा रहा है। अंतिम बार 2019 में 35वें पुष्प मेले का आयोजन किया था। हर साल पुष्प मेला फरवरी के अंतिम या फिर मार्च के पहले सप्ताह में आयोजित किया जाता रहा है।

सेक्टर-12 टाउन पार्क में प्राधिकरण द्वारा हर साल लगाया जाने वाला पुष्प मेला शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहता है। इसमें प्रतिभागी अपने-अपने चुने गए फूलों और उनसे बनने वाले गुलदस्तों की प्रदर्शनी यहां लगाते हैं। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, ड्राइंग प्रतियोगिता भी कराई जाती हैं, पर इस बार शहरवासी और पुष्प प्रेमी तरह-तरह के फूलों का दीदार करने से वंचित रहेंगे। मैंने हर बार पुष्प मेले में भाग लिया था। कई बार पुरस्कार भी जीते हैं। मेले का आयोजन न होना बेहद निराशाजनक बात है। मैंने तो पिछले साल भी अधिकारियों से मिलकर नाराजगी जताई थी। संबंधित अधिकारियों को शहरवासियों की भावनाओं का ध्यान रखते हुए आयोजन बारे उपयुक्त कदम उठाने चाहिए। हरीचंद गर्ग, प्रधान, आल फरीदाबाद मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन। फूलों से बेहद लगाव है। पुष्प मेले में शांत वातावरण में दो-चार घंटे बड़े आराम से बीत जाते थे। आयोजन के पीछे की वजह कोरोना बताना उचित नहीं है। जब सरकार ने सिनेमा हाल खोल दिए हैं। स्कूल-कालेज खुल गए हैं, तो खुले स्थान पर पुष्प मेला आयोजित करने में कैसी दिक्कत। शारीरिक दूरी व मास्क जैसे नियमों के साथ मेला आयोजित हो सकता है। अधिकारियों को इस बारे में जरूर सोचना चाहिए। बबलीश अदलखा, सैनिक कालेानी इस साल कोरोना संक्रमण की वजह से पुष्प मेले का आयोजन नहीं किया जा रहा है। इस बारे में उच्च अधिकारियों से आदेश आ चुके हैं। अगले साल अधिकारी जो आदेश देंगे, उस पर अमल किया जाएगा।
