फरीदाबाद : लॉकडाउन के बाद से ग्यारह महीनों से बंद पड़ी ईएमयू की सेवा सोमवार से रेलवे ने शुरू तो कर दी गई लेकिन इस दौरान यात्री ज्यादा खुश नहीं दिखे। रेलवे ने ईएमयू का रूप और नंबर बदलकर उसे एक्सप्रेस जैसा बना दिया। किराये में तीन गुना तक बढ़ोतरी कर दी। सोमवार को फरीदाबाद, न्यूटाउन और बल्लभगढ़ स्टेशन से मात्र 27 यात्रियों ने गाजियाबाद, दिल्ली और पलवल का सफर किया।
फरीदाबाद, दिल्ली व नोएडा में नौकरी करने वालों को ईएमयू (शटल) बंद होने से जहां अधिक पैसे खर्च करने पड़ते थे, वहीं समय भी अधिक लगता है। इस ईएमयू शटल के शुरू होने से लोगों को काफी राहत मिलेगी। यह शटल सुबह 6 बजे पलवल रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और 8.20 बजे गाजियाबाद पहुंचेगी। उसके बाद दोपहर 2.30 बजे शकूरबस्ती से वापस होकर 4.35 बजे पलवल पहुंचेगी। फिलहाल रेलवे की तरफ से ईएमयू का किराया फरीदाबाद तक 30 व दिल्ली तक 40 रुपए रखा गया है। रेलवे ने ट्रेन तो शुरू कर दी, लेकिन इसकी जानकारी फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के टिकट बुकिंग काउंटर पर नहीं थी। शकूरबस्ती से पलवल जाने वाले कई यात्री टिकट लेने के लिए काउंटर पर पहुंचे, लेकिन सात बजे टिकट देने की बात कहकर कर्मचारियों ने उन्हें लौटाना शुरू कर दिया। एक यात्री ने इसकी शिकायत स्टेशन अधीक्षक एके गोयल से की इसके बाद उन्होंने तुरंत सभी यात्रियों को टिकट जारी करने के निर्देश दिए।
