फरीदाबाद : जल जीवन मिशन के तहत खंड पृथला के सरकारी विद्यालयों में जल जीवन मिशन के उद्देश्यों व पेयजल की गुणवत्ता के प्रति छात्रों को जागरूक किया जा रहा है। इस मिशन के खंड संयोजक विश्वास ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा खंड पृथला के गांव देवली के राजकीय उच्च विद्यालय में आयोजित स्कूल कैबिनेट के दौरान यह जानकारी दी।
खंड संयोजक ने बताया कि विशेष जागरूकता अभियान के माध्यम से जल संरक्षण व जल की उपयोगिता के साथ-साथ छात्रों को पेयजल की गुणवत्ता जांचने का प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है, ताकि भविष्य में समाज का हर नागरिक जल की गुणवत्ता की पहचान कर सके। इस दौरान स्कूल के छात्र छात्राओं व अध्यापकों को एफ.टी.के. कीट के माध्यम से जांच करने के बारे में विस्तार से बताया गया। इस मौके पर उन्होंने पानी में क्लोरिनेशन जांचने की विधि के बारे में प्रशिक्षित किया गया। इस मीटिंग में बच्चों को जल संरक्षण की विधियों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया गया कि जल हमारे जीवन के लिए बहुत ही अमूल्य धरोहर है। इसको हम सब मिलकर बचाने का प्रयत्न करें, ताकि भविष्य में पानी की कमी व परेशानी उत्पन्न न हो। इस मौके पर स्कूल के अध्यापक विजेंद्र, मनोज कुमार, मुकेश कुमार, ईश्वरचंद, सुनील कुमार, संदीप, शीला सहित स्कूल के विद्यार्थी मौजूद रहे।
