दिल्ली जल बोर्ड (Delhi Water Board) के उपाध्यक्ष व आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा के बयान के बाद उपजी स्थिति पर भाखड़ा बांध प्रबंधन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। राघव चड्ढा ने कहा था कि नंगल हाइडल चैनल का पानी रोकने से दिल्ली में जल संकट पैदा हो जाएगा।
भाखड़ा बांध के मुख्य अभियंता कमलजीत सिंह ने कहा है कि दिल्ली का पानी नहीं रोका जा रहा। भाखड़ा बांध से निकलने वाली नंगल हाइडल चैनल नहीं, बल्कि नहर के रास्ते में बने पावर प्लांटों के गेटों की मरम्मत की जानी है। नहर का पानी कम किया जाएगा, लेकिन दिल्ली को अपने हिस्से का पूरा पानी मिलता रहेगा। ऐसा पहली बार नहीं हो रहा। हर साल इन गेटों की मरम्मत की जाती है। पिछले साल लाकडाउन के कारण नहीं की जा सकी थी, इसलिए इस बार नहर के रास्ते में आने वाले गंगुवाल व कोटला पावर प्लांटों के गेटों की ठीक किया जाएगा।
मरम्मत के लिए यही समय सही
कमलजीत सिंह ने बताया कि मरम्मत के लिए यह समय सबसे सही है, क्योंकि इन दिनों भाखड़ा बांध के भागीदार राज्यों पंजाब, हरियाणा व राजस्थान से पानी की मांग कम की जाती है। ऐसे में कम पानी छोड़ना पड़ता है और मरम्मत का काम आसान हो जाता है। इस दौरान दिल्ली के लिए 490 क्यूसेक पीने योग्य पानी की आपूर्ति में कोई कमी नहीं की जाएगी। मरम्मत के समय भी कम से कम 8000 क्यूसेक पानी चलता रहता है। इस बार भी इतना पानी चलता रहेगा।
