दिल्ली में सत्तासीन आम आदमी पार्टी के कुनबे में लगातार इजाफा होना जारी है। इस कड़ी में मिस इंडिया दिल्ली मानसी सहगल ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष और आम आदमी पार्टी के विधायक राघव चड्ढा की उपस्थिति में मानसी गोयल ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। राघव चड्ढा ने इस मौके पर कहा कि मानसी ने AAP मुखिया और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विकास कार्यों को देखते हुए पार्टी की सदस्यता ली है।
रिटायर्ड अतिरिक्त जिला जज मल्होत्रा AAP में शामिल
यहां पर बता दें कि पिछले सप्ताह ही सेवानिवृत्त अतिरिक्त जिला जज सुखबीर सिंह मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी (AAP) की सदस्यता ली थी। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने टोपी और पटका पहनाकर उन्हें पार्टी में शामिल कराया। वहीं, मनीष सिसोदिया ने कहा कि इनके पास कानून का बहुत अनुभव है, जिसका लाभ पार्टी को मिलेगा। गौरतलब है कि सुखबीर सिंह मल्होत्र ने मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट व सिविल जज व ज्वाइंट रजिस्ट्रार के साथ-साथ कड़कड़डूमा कोर्ट व तीस हजारी कोर्ट में अतिरिक्त जिला जज के तौर पर काम किया है। उन्होंने रोहिणी कोर्ट व दिल्ली उच्च न्यायालय में पीठासीन अधिकारी की भूमिका भी निभाई है। वहीं पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा और राज्यसभा सदस्य सुशील गुप्ता ने भी कई लोगों को पार्टी में शामिल कराया। इनमें मुख्यरूप से बहुजन समाजवादी पार्टी के टिकट पर राजेंद्र नगर विधानसभा से चुनाव लड़े जगदीश चंद्र, प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रतिनिधि मोहनलाल मिमरोत आदि शामिल हैं। बता दें कि पिछले डेढ़ साल के दौरान बड़ी संख्या में राजनेता भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं। AAP नेताओं का कहना है कि आने वाले दिनों में भी अन्य दलों से नेताओं का पार्टी में शामिल होने का सिलसिला जारी रहेगा।
