चलती ट्रेन में चढ़ने के चक्कर में होने वाले लगातार हादसों के बावजूद लोग सबक नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला सामने आया है ठाणे के कल्याण रेलवे स्टेशन से। यहां एक महिला चलती हुई ट्रेन में चढ़ने के चक्कर में प्लेटफार्म गैप में गिर पड़ी, लेकिन सही समय पर उसे एक RPF जवान ने गिरते हुए देखा और दौड़ कर उसकी जान बचा ली। घटना 11 मई की है, लेकिन इसका CCTV वीडियो आज सामने आया है।
ऐसे हुई दुर्घटना
कल्याण RPF डिपार्टमेंट से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 02858 एलटीटी-विशाखापट्टनम कल्याण प्लेटफार्म नंबर 4 से जैसे ही रवाना हुई, एक महिला दौड़ती हुई आई और उसमें चढ़ने का प्रयास किया। महिला के सिर पर एक बोरी लदी थी। इसी के कारण चलती ट्रेन में चढ़ने के चक्कर में वह असंतुलित हो गई और ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच बने गैप में गिर पड़ी।
ऐसे बची महिला की जान
इससे पहले कि वह गैप से होते हुए पटरियों तक पहुंचती, वहां सादी वर्दी में ड्यूटी कर रहे RPF जवान ए. के उपाध्याय ने मुस्तैदी दिखाते हुए महिला को खींचकर ट्रेन से दूर कर दिया। इस तरह से महिला की जान बच गई। यह घटना प्लेटफार्म पर लगे कैमरे में कैद हुई है। वीडियो में RPF जवान की मुस्तैदी देखी जा सकती है।
