फरीदाबाद : [ मिथलेश मिश्रा ] बीके अस्पताल में भर्ती 100 कोरोना मरीजों के लिए एसडब्ल्यूजी ग्रुप की ओर से रोज निशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है। बड़खल क्षेत्र की विधायक सीमा त्रिखा ने गुरुवार को यहां शिवा रसोई का शुभारंभ किया। कोरोना मरीजों के लिए ग्रुप की ओर से शुरू की गई यह अच्छी पहल है।
विधायक ने कहा कि कोरोना काल में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के परिजनों को अब भोजन के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। उन्हें अस्पताल परिसर में स्थापित की गई शिवा रसोई में भोजन उपलब्ध हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अमूमन दूरदराज इलाकों से परिजन अपने मरीजों को लेकर सुबह ही बीके अस्पताल पहुंच जाते हैं। इस स्थिति में वे अपने साथ नाश्ता और खाना लेकर नहीं आ पाते। ऐसे में उन्हें बाहर से लाना पड़ता है या फिर नजदीक में घर हुआ तो वहां से खाना मंगाना पड़ता है। अब उन्हें इस झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। शिवा रसोई में वे समय पर सेहतमंद भोजन या नाश्ता निशुल्क प्राप्त कर सकेंगे।
इस मौके पर पीएमओ डॉ. सविता यादव, डॉ. विनय गुप्ता, मुख्य औषधि अधिकारी बीरेंद्र सांगवान, डॉ. हेमंत, सेक्टर-21सी स्थित एसडब्ल्यूजी ग्रुप के महेंद्र शर्मा, आरडी शर्मा, मुकेश पुरूथी, हमेंद्र बंसल, चंद्रमोहन, विकास जोशी आदि मौजूद थे।
