फरीदाबाद : [ प्रमिला ] डिप्टी कमिश्नर यशपाल यादव ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में भी कोरोना संक्रमण कर रफ्तार बढ़ रही है। ऐसे में वहां भी सख्ती बरतने की जरूरत है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वह एक साथ बैठकर हुक्का पीना और ताश खेलना बंद करें। साथ ही लोगाें से पहले की तरह ठीकरा पहरा लगाने का भी सुझाव दिया।
उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि वह इस महामारी को गंभीरता से लें ताकि लोगों की जान बचाई जा सके। उन्होंने कहा कि हमारे पास अस्पतालों में साधारण बेड, ऑक्सीजन बेड, आईसीयू और वेंटिलेटर की कोई कमी नहीं है। प्रतिदिन जितने भी कोविड-19 पॉजिटिव के मामले आ रहे हैं। हम तुरंत उनकी कॉन्ट्रैक्ट ट्रेसिंग करवा रहे हैं। जरूरत के अनुसार घरों में दवा की किट उपलब्ध कराई जा रही है। लेकिन इसके साथ साथ ग्रामीणों को अपनी खुद की सुरक्षा करनी होगी।
गांवों में कराई जा रही मुनादी
उन्होंने कहा कि गांव में मंदिर व अन्य धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर के माध्यम से और जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी के प्रचार वाहन के माध्यम से भी लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रही है। सभी गांव में मुनादी करवाकर लोगों को बीमारी की गंभीरता के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांव में कई लोग इकट्ठा बैठकर हुक्का पीते हैं और ताश खेलते हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वह ऐसा ना करें और सामूहिक रूप से इकट्ठा ना हो। उन्होंने कहा कि कोविड-19 एक गंभीर बीमारी है और इसका संक्रमण बड़ी तेजी से फैलता है। लोगों से कहा कि वह किसी भी बुखार जुकाम या खांसी जैसी बीमारी को गंभीरता से लें। अगर उन्हें कोरोना के कोई भी लक्षण दिखाई देते हैं तो तुरंत अपनी जांच करवाएं। उन्होंने कहा कि अधिकतर मरीज घर पर ही कुछ दिन दवाई लेने के पश्चात ठीक हो जाते हैं ऐसे में किसी भी तरह से घबराने की आवश्यकता नहीं है।
