
शिक्षक बनने की सोच रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. बिहार सरकार द्वारा जल्द ही प्राइमरी और सेकेंडरी स्कूलों में 1 लाख से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती की जाएगी. इस बात की पुष्टि बिहार के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी (Vijay Kumar Choudhary) ने की. ऐसे में माना जा रहा है कि भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जनवरी 2022 में जारी कर दिया जाएगा.
40000 शिक्षकों की पहले की हो चुकी है तैनाती
राज्य शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने गुरुवार को विधानसभा में 1 लाख से ज्यादा पदों पर शिक्षकों की भर्ती की बात कही. उन्होंने विधानसभा में कहा कि राज्य में पंचायत चुनाव संपन्न होने के तुरंत बाद शिक्षा विभाग 1 लाख 25 हजार स्कूली शिक्षकों की भर्ती की जाएगी. साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य में 40000 पदों पर शिक्षकों की भर्ती पहले की जा चुकी है.
मंत्री के मुताबिक 29 नवंबर 2021 को 9वें चरण के मतदान हुए हैं और 11वें यानी अंतिम चरण के मतदान 12 दिसंबर को होंगे. मतदान प्रक्रिया खत्म होने के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. नोटिफिकेशन जारी होने के बाद अभ्यर्थी डिटेल्स चेक कर सकेंगे.
हर पंचायत में खुलेंगे स्कूल
मंत्री विजय कुमार चौधरी ने शिक्षा विभाग को 7,744 करोड़ रुपए अनुदान की मांग पर चर्चा का समापन करते हुए कहा कि अब प्रदेश के सरकारी स्कूलों में टीचरों की कमी नहीं होगी. साथ ही सरकार हर पंचायत में सीनियर सेकेंडरी लेवल की स्कूल खोलेगी.
Source News: zeenews
