
बल्लभगढ़ : मोहना मार्ग को जल्दी ही चार लेन बनाने की योजना पर काम शुरू होने की उम्मीद है। मार्ग के चार लेन बनने से कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (केजीपी) एक्सप्रेस-वे से आने-जाने वाले हजारों भारी वाहन चालकों को जाम से छुटकारा मिलेगा और आवागमन सुगम बनेगा। योजना के लिए 57 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाकर तैयार कर दिया गया है।
केजीपी के लिए सिर्फ मोहना मार्ग से आवागमन होता है। चंदावली से केजीपी तक ये दो लेन मार्ग है। मार्ग पर चंदावली, मच्छगर, दयालपुर, अटाली चार बड़े गांव पड़ते हैं। फरीदाबाद में हजारों उद्योग हैं। इन उद्योगों का सामान लाने और ले जाने वाले भारी वाहन मोहना मार्ग से होकर केजीपी तक आते-जाते हैं। दो लेन मार्ग होने के कारण पूरी रात इन गांवों में ट्रैफिक जाम लगा रहता है। इस जाम में कई-कई घंटे भारी वाहन फंसे रहते हैं। मार्ग से ग्रामीणों को आने-जाने में खासी दिक्कत होती है। इस जाम को देखते हुए सरकार ने मोहना मार्ग को चंदावली से लेकर केजीपी तक चार लेन बनाने की योजना बनाई है। इस योजना को सरकार ने मंजूरी दे दी है। हमने मार्ग को चार लेन बनाने के लिए 57 करोड़ रुपये का एस्टीमेट बनाया है। एस्टीमेट को सरकार ने मंजूर कर दिया है और हमने सड़क को बनाने के लिए टेंडर भी लगा दिए हैं। जल्दी ही टेंडर खुल जाएंगे और योजना पर काम शुरू कर दिया जाएगा।
-राहुल सिंह, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग सड़क एवं पुल फरीदाबाद
Source News: jagran
