
फरीदाबाद : निर्माण कार्यों से रोक हटने के बाद अब शहर की सड़कों के निर्माण को गति दी जाने लगी है। औद्योगिक क्षेत्रों से इसकी पहल की गई है। शुक्रवार को केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर तथा परिवहन मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा ने व्हर्लपूल चौक से सारन तक की सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। सड़क के निर्माण पर 6 करोड़, 21 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। बल्लभगढ औद्योगिक क्षेत्र की इस सड़क के निर्माण कार्य के शुभारंभ पर आयोजित कार्यक्रम में फरीदाबाद इंडस्ट्रीज एसोसिएशन का विशेष सहयोग रहा। व्हर्लपूल चौक से सारन चौक तक जाने वाली सड़क एनआइटी को जोड़ती है। सारन क्षेत्र एनआइटी में आता है और व्हर्लपूल चौक के आसपास का औद्योगिक क्षेत्र बल्लभगढ़ विधानसभा में है।
एफआइए के प्रधान बीआर भाटिया ने सड़क निर्माण के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की अन्य सड़कों को भी संवारा जाएगा। परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। मूलचंद शर्मा ने बताया कि गुरुग्राम नहर के साथ जर्जर सड़क के पैच वर्क की भी शुरुआत करवाई गई है। यह कार्य करीब 21 लाख की लागत से होगा।
इस मौके पर फरीदाबाद के विधायक नरेंद्र गुप्ता, एनआइटी के विधायक नीरज शर्मा, पूर्व विधायक नगेंद्र भडाना, डीएलएफ इंडस्ट्रीज एसेासिएशन के प्रधान जेपी मल्होत्रा, फरीदाबाद स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान जीएस त्यागी, लघु उद्योग भारती के प्रधान रविभूषण खत्री, उद्यमी ऋषि अग्रवाल, शम्मी कपूर, प्रमोद राणा तथा नरेंद्र अग्रवाल भी मौजूद रहे। इनसेट..
नीरज शर्मा ने विधानसभा में उठाया था मुद्दा
एनआइटी के विधायक नीरज शर्मा ने विधानसभा में इस सड़क का मुद्दा उठाया था। पिछले वर्ष 20 दिसंबर को उन्होंने तत्कालीन अतिरिक्त मुख्य सचिव संजीव कौशल को पत्र लिख कर इस जर्जर सड़क की हालत से अवगत कराया था। नीरज शर्मा ने बताया कि वह लंबे समय से औद्योगिक क्षेत्रों की जर्जर सड़कों के निर्माण के लिए आवाज उठाते रहे हैं।
Source News: jagran
