
देश में बच्चों के लिए वैक्सीनेशन (Vaccination) आज (सोमवार) से शुरू हो रहा है जैसा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने ऐलान किया था. आज से 15 से 18 साल के बच्चों को कोरोना का टीका (Vaccine) दिया जाएगा. दो दिन पहले नए साल के मौके पर इस वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन (Registration For Vaccination) भी शुरू हो गया था. रात एक बजे तक कोविन ऐप (CoWin App) पर 8 लाख से भी ज्यादा बच्चों का रजिस्ट्रेशन हो चुका था.
बच्चों को मिलेगा वैक्सीन का ‘सुरक्षा कवच’
बता दें कि देश में वैक्सीनेशन का आंकड़ा 145 करोड़ के पार पहुंच चुका है. लेकिन इतने बड़े वैक्सीनेशन अभियान के बावजूद देश के बच्चे वैक्सीन के सुरक्षा कवच से वंचित थे. मगर वो लंबा इंतजार खत्म हो गया है. देश में आज से 15 से 18 साल के बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीनेशन शुरू हो रहा है.
कोविन पोर्टल पर हुए लाखों रजिस्ट्रेशन
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 25 दिसंबर को 15 से 18 साल तक के बच्चों का वैक्सीनेशन शुरू करने का ऐलान किया था. नए साल के पहले दिन से ही बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया था और लाखों की संख्या में अभिभावकों ने कोविन पोर्टल पर टीके के लिए रजिस्ट्रेशन भी कराया है.
पहचान के लिए स्कूल आईडी का कर सकते हैं इस्तेमाल
कोरोना संक्रमण के कारण अभिभावकों ने बच्चों पर कई तरह की पाबंदिया लगा रखी थीं. लेकिन अब बच्चों को वैक्सीन के लिए स्लॉट मिलने के बाद अभिभावक राहत महसूस कर रहे हैं. आधार कार्ड ना होने पर स्कूल ID के जरिए रजिस्ट्रेशन की भी अभिभावकों की बड़ी परेशानी दूर हुई है और बच्चे भी उत्साहित हैं. 15 से 18 साल के बच्चों का वैक्सीनेशन शुरू होने से देश के करीब 10 करोड़ बच्चों को कोरोना का कवच मिलेगा और कोरोना के खिलाफ जंग के लिए नई पीढ़ी भी मजबूती के साथ खड़ी होगी.
पहले से इस्तेमाल फोन नंबर से भी कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन
इन बच्चों को भारत बायोटेक कंपनी की Covaxin को देने की मंजूरी दी गई है. बच्चों के लिए स्कूल आईडी या आधार कार्ड समेत सरकार की तरफ से जारी कोई भी पहचान पत्र का इस्तेमाल किया जा सकता है. रजिस्ट्रेशन पहले से इस्तेमाल फोन नंबर के साथ भी किया जा सकता है और नए नंबर से भी कोविन पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन का ऑप्शन है. ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने के बाद सीधे केंद्र पर पहुंचकर बच्चे टीका लगवा सकते हैं.
दिल्ली के सभी 11 जिलों में बनाए गए वैक्सीनेशन सेंटर
बता दें कि दिल्ली में आज सुबह 9 बजे से वैक्सीनेशन शुरू होगा. दिल्ली सरकार के दिल्ली स्टेट हेल्थ मिशन ने 159 सेंटर की लिस्ट जारी की है. ज्यादातर वैक्सीनेशन सेंटर वही हैं, जहां पहले Covaxin की डोज लगाई जा रही थी. दिल्ली के सभी 11 जिलों में ये वैक्सीनेशन सेंटर चिन्हित किए गए हैं. सरकारी अस्पतालों, डिस्पेंसरी, पॉलिक्लिनिक, दिल्ली सरकार और नगर निगम के स्कूलों में वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए हैं.
Source News: zeenews
