
स्वास्थ्य विभाग ने दिल्ली और गाजियाबाद में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए शुक्रवार को अलर्ट जारी किया है, जिसमें कहा है कि लोग अगर ये समझ रहे हैं कि कोरोना पूरी तरह से समाप्त हो गया है तो ऐसा नहीं है। अभी भी लोग कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। जून-जुलाई में कोविड की चौथी लहर आ सकती है। इसलिए लापरवाही न बरतें, मास्क लगाकर रखें और दो गज की दूरी बनाए रहें।
खतरा टला नहीं है : सीएमओ
सीएमओ डा. मनोज अग्रवाल ने बताया कि कोरोना को मात देने के लिए लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि आप सावधानी न बरतें। लोगों को ज्यादा भीड़ वाले इलाके से बचकर रहना जरूरी है। घर से निकल रहे हों तो मास्क लगाएं। अस्पतालों को भी निर्देश दिए गए हैं कि आने वाले मरीजों को जागरूक करते रहें।
स्कूलों में आज से कोविड टीकाकरण : बच्चों के टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग शनिवार से 253 स्कूलों में शिविर लगा रहा है। 12-14 साल तक के बच्चों में शत प्रतिशत टीके के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहल की है, क्योंकि बहुत ही कम संख्या में बच्चों का टीकाकरण हुआ है। इसमें 34430 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. एमके ङ्क्षसह ने बताया कि स्कूलों में टीकाकरण शिविर लगाने की तैयारी कर ली गई है। स्कूल प्रबंधकों को पत्र जारी कर दिया गया है कि वे अपने स्कूल के 12-14 साल तक के छात्र व छात्राओं का शत प्रतिशत टीकाकरण करवाएं। एक लाख 94 हजार 424 बच्चों को वैक्सीन लगाई जानी है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए स्कूलों में टीका लगाया जाएगा। स्कूल खुलने के साथ ही बंद होने तक टीकाकरण जारी रहेगा। सीएमओ डा. मनोज अग्रवाल ने बताया कि चार सप्ताह बाद वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जाएगी।
source news: jagran
