
UP Covid Restrictions: देशभर में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामलों में तेजी से इजाफा हो रहा है. दिल्ली और एनसीआर में सबसे ज्यादा कोरोना केस निकल रहे हैं. इसे देखते हुए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर योगी सरकार ने गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद हापुड़ मेरठ बुलंदशहर बागपत और लखनऊ में सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है.
सीएम योगी ने दिए निर्देश
राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanth) ने कहा कि NCR के जनपदों (गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर, बागपत) और लखनऊ जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क लगाया जाना अनिवार्य किया जाए. इन जिलों में वैक्सीनेशन से छूटे लोगों को चिन्हित कर वैक्सीनेट किया जाए. पब्लिक एड्रेस सिस्टम का प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया जाए. लक्षणयुक्त लोगों की टेस्टिंग कराई जाए. बता दें कि सीएम योगी सोमवार को टीम 9 के साथ राज्य के जिलों में कोरोना की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे.
लगातार बढ़ रहे हैं कोरोना के मामले
बता दें कि बीते चार दिनों से यूपी में लगातार कोरोना मामलों में इजाफा हो रहा है. इसे देखते हुए सीएम योगी ने एनसीआर में आने वाले जिलों को पहले ही अलर्ट पर रहने के निर्देश दे दिए हैं. पिछले 24 घंटों में यूपी में 115 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद राज्य में कोरोना के कुल एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 695 तक पहुंच गई है. जनवरी महीने के बाद ये पहली बार है जब प्रदेश में कोरोना के इतने मामले देखने को मिल रहे हैं. सबसे ज्यादा मामले दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में ही देखने को मिल रहे हैं.
source news: zeenews
