
नई दिल्ली: कोरोना संक्रमण के मामले फिर बढ़ने लगे हैं, लेकिन लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे। बावजूद इसके कि सार्वजनिक स्थलों पर मास्क नहीं लगाने वालों पर 500 रुपये का फाइन किया जाता है। वहीं, सख्ती के बावजूद इसके सरीजनी नगर, करोल बाग और चांदनी चौक समेत दिल्ली के बाजारों में बड़ी संख्या में लोग बाजारों में बिना मास्क के पहुंच रहे हैं। भीड़ के कारण बाजारों में शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा है। इस कारण संक्रमण बढ़ने का खतरा अधिक हो रहा है। दिल्ली मेट्रो के अलावा, दक्षिणी दिल्ली के सरोजनी नगर, लाजपत नगर, कालकाजी, कृष्णा मार्केट, मदनगीर, मुनिरका व आइएनए मार्केट में बड़ी संख्या में लोग बिना मास्क के घूमते दिखाई दे रहे हैं।
बाजारों में शारीरिक दूरी के नियम का पालन भी नहीं हो रहा है। लोगों को रोकने के लिए प्रशासन भी सख्त नजर नहीं आ रहा है। बाजारों में दुकानदारों ने मास्क के बिना प्रवेश न देने के पोस्टर तो लगा रखे हैं। कुछ दुकानों पर इसका पालन भी किया जा रहा है, लेकिन ज्यादातर स्थानों पर लोग बेधड़क बिना किसी डर से मास्क नहीं पहन रहे हैं।फेडरेशन आफ सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश यादव ने कहा कि हमारा काम लोगों को सजग करना है कि वे मास्क पहनें। हमने तो सरकार के दिशानिर्देश के अनुसार सभी दुकानदारों और उनकेसाथ काम करने वाले लोगों को मास्क पहने रखने के निर्देश दिए हैं।सरोजनी नगर मिनी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक रंधावा ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से तय नियमों का पालन करने का प्रयास किया जा रहा है। एसोसिएशन की मांग पर बृहस्पतिवार से ही मार्केट में कोरोना के दिशानिर्देशों का पालन कराने के लिए सिविल डिफेंस के पांच वालंटियर तैनात किए गए हैं।
दुकानों में बिना मास्क के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है, लेकिन लोग दुकानों के बाहर बिना मास्क के घूमते नजर आते हैं। पुलिस और सिविल डिफेंसकर्मियों के साथ मार्केट के वालंटियर भी कोरोना नियमों का पालन कराने का प्रयास कर रहे हैं। दुकानों में बिना मास्क या बिना टीकाकरण वाले ग्राहकों की मार्केट में एंट्री बंद कर दी गई है। सरोजनी नगर मार्केट की वालेंटियर इन पुलिस सर्विस के अध्यक्ष ओमदत्त शर्मा ने बताया कि लाउडस्पीकर से अपील की जा रही है कि जिन लोगों ने कोरोनारोधी टीके की दोनों डोज नहीं ली है वे बाजार में प्रवेश न करें। उन्होंने कहा कि सबसे पहली प्राथमिकता बाजार में आने वाले ग्राहकों और दुकानदारों को कोरोना संक्रमण से बचाना है।कोरोना के मामले कम हुए थे तो दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने मास्क न लगाने पर लगने वाली दो हजार रुपये की जुर्माना राशि को खत्म कर दिया था। फिर से मामले बढ़े तो बीते दिनों इसे 500 रुपये तक कर दिया था। सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहने रखने के निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन लोगों में प्रशासन का कोई डर देखने को नहीं मिल रहा है। हालांकि जितनी मात्र में पहले चालान किए जाते थे और सख्ती बरती जाती थी वह भी दिखाई नहीं दे रही है।
इन बाजारों में मास्क जरूर पहनकर जाएं
- सरोजनी नगर
- करोल बाग
- लाजपतनगर
- कनाट प्लेस
source news: jagran
