
फरीदाबाद: सीवर लाइनों के मरम्मत कार्य का ठेका किए जाने के बाद भी शहर में लाइनों की सफाई शुरू नहीं की गई है। निगमायुक्त जितेंद्र दहिया ने चार दिन पहले सभी वार्डों की सीवर लाइनों की सफाई के आदेश दिए थे। शहर का हाल खराब है। लोगों की शिकायत है कि एसडीओ और जेई अपना काम एक, दूसरे पर टाल देते हैं। स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है। अब लोग निगमायुक्त व विधायक सीमा त्रिखा से सवाल कर रहे हैं कि गलियों के बुरे हाल के चलते वह दीपावली कैसे मनाएंगे। शहर में सबसे अधिक बुरा हाल जगन्नाथ धर्मकांटा, लोहा मंडी, नेहरू ग्राउंड की पतली गली, मकान नंबर डी-11 के सामने का है। गली के लोगों ने कई बार जनपतिनिधियाें से शिकायत की है।
कोई परिणाम नहीं मिला। वार्ड कार्यालय जाकर एसडीओ सुरेंद्र और जेई संदीप से मिल कर भी गली का हाल बताया है। कोई सुनवाई नहीं की गई। गली का इतना बुरा हाल है कि निकलना ही मुश्किल हो जाता है। स्थानीय निवासी रजत और राजेंद्र ने बताया कि शिकायत किए जाने के बाद भी नगर निगम अधिकारी गंभीर नहीं आ रहे हैं। यहां के लोग अब एक, दो दिन में नगर निगम मुख्यालय जाकर रोष प्रकट करने की तैयारी कर रहे हैं।
अशोक एन्क्लेव भाग दो का हाल खराब
अशोका एन्क्लेव, भाग दो का कई दिनों से बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने इस बारे में नगर निगम में शिकायत की है। शिकायत पर भी कोई ध्यान नहीं दिया गया है। अशोका एन्क्लेव का यही रास्ता इस्कान मंदिर की ओर जाता है। ऐसे ही दो नंबर सी ब्लाक में कई महीनों से सीवर लाइनें जाम हैं। विडो होम की ओर जाने वाले रास्ते पर सीवर का पानी जमा है।
घर में भी सीवर के पानी की बदबू आती है। कभी नगर निगम ने इस तरफ ध्यान ही नहीं दिया।-गिरीजा, निवासी नेहरू ग्राउंड।
नगर निगम स्वच्छता के खूब दावे करता है, लेकिन नेहरू ग्राउंड का हाल कोई देखे, तो सच्चाई पता चले।-कमला राठौर।
हम कई महीनों से नगर निगम में लगातार शिकायत कर रहे हैं। कोई सुधार हीं किया जा रहा। हम दीपावली कैसे मनाएंगे।-मुरारी लाल।
सभी वार्डों में सीवर लाइनों की सफाई कराई जाएगी। सभी कार्यकारी अभियंता और एसडीओ को इस बारे में आदेश दिए गए हैं। नेहरू ग्राउंड की दशा भी सुधारी जाएगी।-जितेंद्र दहिया, निगमायुक्त।
NEWS SOURCE : jagran
