
यूपी के कौशांबी जिले में रिश्तों को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। चरवा क्षेत्र की 13 वर्षीय एक किशोरी के साथ पड़ोसी और रिश्ते में चाचा लगने वाले ने दुष्कर्म किया। उसने लाेकलाज और आरोपित की धमकी की डर से इस बात को छिपाए रखा। जब वह गर्भवती हो गई तो इसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को हुई। परिजनों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
अदालत तक पहुंचा मामला : यह मामला कोर्ट में गया तो अदालत ने सीएमओ को निर्देश दिया कि किशोरी का गर्भपात करवा दिया जाए अथवा अपनी निगरानी में उसका उपचार कराएं। फिलहाल, जिला अस्पताल में उसका डाक्टरों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।
पड़ोस में रहने वाले रिश्ते के चाचा ने धमकाया भी था : बता दें कि यह घटना जून 2022 की है। पड़ोसी ने उसके घर में घुसकर दुष्कर्म किया और धमकाया कि किसी को घटना के बारे में बताया तो उसके बाप को मार दिया जाएगा। इस वजह से किशोरी चुप रही। उसकी यह चुप्पी अब उसके लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। वह लगभग 28 सप्ताह का गर्भ धारण किए जिला अस्पताल में डाक्टरों की निगरानी में भर्ती है।
क्या कहते हैं सीएमओ : कौशांबी के सीएमओ डा. सुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि कोर्ट ने आदेश दिया है कि किशोरी का गर्भपात हो सके तो कराएं, नहीं तो उसका उपचार कराया जाए। जिला अस्पताल के सीएमएस को इसके लिए कहा गया है।
जिला अस्पताल के सीएमएस बोले- मामला हाईरिस्क प्रेगनेंसी का : जिला अस्पताल के सीएमएस डा. दीपक सेठ का कहना है कि 28 सप्ताह का गर्भ होने के कारण गर्भपात कराना उसकी जान के लिए जोखिम भरा हो सकता है, क्योंकि हाईरिस्क प्रेगनेंसी है। डाक्टरों ने उसे प्रयागराज के लिए रेफर कर दिया है। हालांकि, अभी उसका उपचार विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम द्वारा जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
NEWS SOURCE : jagran
