
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर चल रही हैं। इस बीच घने कोहरे ने लोगों की दिक्कतें और बढ़ा दी हैं। कोहरे के चलते विजिबिलिटी घटने से धरती से आसमान तक रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान दिल्ली समेत उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में घना से बहुत घना कोहरा का अनुमान जताया है। जानकारी के अनुसार, सर्दी के मौसम में दिल्ली में सोमवार सुबह पहली बार घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर 150 मीटर रह गई और सड़क तथा रेल यातायात प्रभावित हुआ। इस दौरान राष्ट्रीय राजधानी की वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, सिंधु-गंगा के मैदानी इलाकों में अगले पांच दिनों में ‘घना से बहुत घना’ कोहरा देखने की संभावना है, जिसके परिणामस्वरूप ट्रेनों और उड़ानों को रद्द और डायवर्ट किया जा सकता है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि कोहरा ट्रेनों की आवाजाही को प्रभावित कर रहा है। सोमवार को करीब 20 ट्रेनें 15 मिनट से दो घंटे की देरी से चलीं। हमने एहतियाती कदम उठाए हैं। आईएमडी ने कहा कि सैटेलाइट से ली गई तस्वीरों में पंजाब से लेकर हरियाणा और दिल्ली होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैले कोहरे की मोटी परत दिखाई दे रही है। आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि पालम हवाईअड्डे पर सोमवार सुबह साढ़े तीन बजे से छह बजे के बीच दृश्यता घटकर 150-200 मीटर रह गई और सुबह सात बजे तक यह सुधर कर 350 मीटर हो गई।
आईएमडी के अनुसार, दृश्यता 0 और 50 मीटर के बीच ‘बहुत घना’, 51 और 200 ‘घना’, 201 और 500 ‘मध्यम’ और 501 और 1,000 ‘हल्का’ कोहरा होता है। बता दें कि, दिल्ली के प्रमुख मौसम विज्ञान केंद्र सफदरजंग वेधशाला में सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के साथ प्रदूषण का स्तर सुबह 11 बजे 409 दर्ज किया गया। गौरतलब है कि शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच एक्यूआई ‘गंभीर’ माना जाता है।
NEWS SOURCE : livehindustan
