
ऐलनाबाद: इनेलो नेता अभय चौटाला की परिवर्तन यात्रा से पहले ही जजपा ने उनके इलाके में सेंधमारी शुरू कर दी है। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने आज चाचा अभय चौटाला को जोरदार झटका दे दिया है। ताऊ देवीलाल के सबसे नजदीकी चौधरी भागी राम को आज दुष्यंत ने विधिवत रूप से जजपा में शामिल करवाया। इसके साथ ही ऐलनाबाद उपचुनाव के दौरान भाजपा ज्वाइन करने वाले चौधरी भागी राम के बेटे सुरेंद्र कुमार ने भी बीजेपी को अलविदा कहकर जजपा ज्वाइन की है। बता दें कि भागी राम अब तक पांच बार विधायक रह चुके है। 2005 के विधानसभा चुनाव में इनेलो ने 9 विधायकों में से एक भागी राम भी थे। भागीराम के इनेलो को अलविदा कहने से पार्टी को बड़ा झटका लगा है।
इनेलो की परिवर्तन यात्रा को लेकर डिप्टी सीएम ने उठाए सवाल
डिप्टी सीएम ने इस मौके पर चाचा अभय चौटाला पर भी निशाना साधने में कोई कसर नहीं छोड़ा। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भागीराम ने इनेलो को बहुत मजबूती दी थी, लेकिन अब भागीराम जजपा को मजबूती देंगे। दुष्यंत चौटाला ने इनैलो की परिवर्तन यात्रा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह किसी को नहीं पता कि यह यात्रा कब शुरू होगी और कहां तक पहुंचेगी। यात्रा में शामिल होने वालों को लेकर भी कोई जानकारी नहीं है। दुष्यंत ने कहा कि पहले इनेलो को यात्रा की तारीख तय करने के साथ ही यह भी तय करना चाहिए कि यह यात्रा कितनी किलोमीटर की होगी। उन्होंने कहा कि बात करना बहुत आसान है, बल्कि चलना काफी मुश्किल है। वहीं राहुल गांधी की तारीफ करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राहुल लगातार चल रहे हैं और उनकी यात्रा के 100 दिन भी पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि राहुल अपनी बात पर खरे उतर रहे हैं। इनेलो की यात्रा कितनी बड़ी यात्रा होगी और कितने दिन चलेगी, इसे लेकर कोई जानकारी नहीं है।
काफिले की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने पर भी बोले दुष्यंत चौटाला
डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सड़क हादसे में उनके काफिले की एक गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके काफिले के आगे अचानक एक पशु आने से एक गाड़ी पलट गई थी। इस हादसे के बाद उन्होंने अपने स्टाफ के साथ मिलकर तुरंत गाड़ी को सीधा किया। उन्होंने कहा कि इस हादसे में वे और उनका स्टाफ सभी सुरक्षित है। उन्होंने भी हरियाणा वासियों से अपील की है कि धुंध के समय कम से कम यात्रा करें।
NEWS SOURCE : punjabkesari
