
‘पठान’ का खत्म हुआ बनवास, पार्टी के लिए रहें तैयार. लाल आंखे, लंबे बाल और चेहरे पर तेज लिए शाहरुख खान अपने ‘पठान’ बड़े पर्दे पर 25 जनवरी को नजर आने वाले हैं. फिल्म का ट्रेलर दर्शकों के सामने है. फैन्स जितनी उम्मीद लगाकर किंग खान का इंतजार कर रहे थे, वह खरे उतरे हैं. केवल बादशाह ने ही नहीं, बल्कि फैन्स का दिल इस बार जॉन अब्राहम और दीपिका पादुकोण ने भी जीत ही लिया है. ट्रेलर में वैसे डिंपल कपाड़िया का भी डैशिंग लुक देखने को मिलने वाला है. और आशुतोष राणा के तो क्या ही कहने.
लेकिन क्या आपने एक चीज नोटिस की? फिल्म ‘पठान’ की रिलीज से पहले इसपर जितना भी विवाद हो रहा था, वह सब ट्रेलर से गायब नजर आया. ‘पठान’ के ‘बेशर्म रंग’ सॉन्ग में दीपिका पादुकोण ने जो ‘भगवा बिकिनी’ पहनी थी, वह ट्रेलर में असल में दिखाई ही नहीं गई है. केवल येलो बिकिनी में दीपिका पादुकोण नजर आ रही हैं. कहीं न कहीं यह कहा जा सकता है कि फिल्म के मेकर्स किसी भी तरह के विवाद में फंसना नहीं चाह रहे हैं.
फिल्म के ट्रेलर पर एक नजर दौड़ाई जाए तो इसमें दीपिका पादुकोण अपने एक्शन पैक्ड अवतार में नजर आ रही हैं. व्हाइट स्पोर्ट्स ब्रा और ऑरेंज कलर के सारॉन्ग में दीपिका एक्शन करती दिख रही हैं. हालांकि, सॉन्ग का और दीपिका द्वारा पहनी गई ‘भगवा बिकिनी’ का ट्रेलर में कोई जिक्र नहीं किया गया है. बल्कि, वह सीन ट्रेलर से गायब नजर आ रहा है. येलो बिकिनी में दीपिका जरूर नजर आ रही हैं. कहना गलत नहीं होगा कि बिकिनी बॉडी में दीपिका बेहद ही ग्लैमरस दिख रही हैं.
शाहरुख ने किया था विवाद पर रिएक्ट
शाहरुख खान ने कोलकाता इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में ‘बेशर्म रंग’ सॉन्ग पर होने वाले विवाद पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि मौसम बदलने वाला है, अपनी कुर्सी की पेटी बांध लीजिए. ‘पठान’ 25 जनवरी को थिएटर्स में ही रिलीज होगी.
कैसा है फिल्म का ट्रेलर?
फिल्म के ट्रेलर की ओपनिंग होती है दुबई के बुर्ज खलीफा से. जॉन अब्राहम बड़े से कारतूस से गाड़ी को उड़ाते दिख रहे हैं. चेहरे से मास्क हटाते हैं और बैकग्राउंड में आती है डिंपल कपाड़िया की दमदार आवाज. देखकर एकदम रोहित शेट्टी की फिल्म की आपको फील जाएगी. फिल्म आधारित है एक प्राइवेट टेरर ग्रुप एक्स को पकड़ने को लेकर, जिसमें अपने ‘पठान’ यानी की शाहरुख खान एक अहम भूमिका निभाते नजर आने वाले हैं. फैन्स बादशाह से काफी उम्मीदें लगाकर बैठे हैं. लगाएं भी क्यों न आखिर वह चार साल बाद जो बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं.
NEWS SOURCE : aajtak
