हरियाणा : हरियाणा में कोरोना के चलते अब नौकरियों की तैयारी कर रहे लोगों पर भारी मार पड़ी है। हरियाणा सरकार ने एक साल तक नई भर्तियों पर रोक लगा दी है। वहीं कर्मचारियों की LTC भी रोक दी गई है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने निजी चैनल के कार्यक्रम के दौरान बताया कि प्रदेश में व्यवस्था को बनाए रखने और आर्थिक स्थिति को ठीक रखने के लिए नई भर्तियों को एक साल के लिए रोका गया है। वहीं कर्मचारियों की LTC भी एक साल के लिए रोक दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में बताया कि हरियाणा सरकार कोरोना से निपटने के लिए बेहतर काम कर रही है। प्रदेश की जनता को भयावह स्थिति में नहीं आने दिया जाएगा। उन्होने बताया कि प्रदेश में विशेष कोविड अस्पताल भी बनाए गए हैं, ताकि किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रारंभिक समय में सभी प्रकार के खर्चो को रोक लगा रहे हैं। उन्होने डीए को लेकर साफ करते हुए बताया कि यह सिर्फ एक साल के लिए ही रोका गया है। उन्होने बताया कि बाद में इसे सुचारू रुप से किया जाएगा। वहीं नई भर्तियों को एक साल के लिए रोका गया है। सीएम ने बताया कि किसी भी कर्मचारी को एलटीसी नहीं मिलेगा, इसके लिए हमने कह दिया है। प्रदेश में नये खर्चों को रोका जा रहा है, ताकि आर्थिक हालात सही रहे।
