कोरोना महामारी के चलते देश के अलग-अलग हिस्सों से खुले में पैसे पड़े होने और कोरोना संक्रमण फैलाने जैसी खबरें सामने आ रही हैं। अब यह कितना सच है, यह तो स्पष्ट नहीं है। लेकिन आये दिन ऐसी खबरें जरूर आ रही है। अब पटौदी के गांव बलेवा में खुले में पड़े पैसे मिलने से सनसनी फैल गई।
बीती रात बलवा गांव में लगभग 5 हजार रुपये सड़क पर खुले में पड़े मिले, इन रुपयों में 10, 50, 100 और 500 के नोट शामिल हैं। हालांकि गुरुग्राम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पैसों को अपने कब्जे में ले जांच के लिए भेज दिया है। इन रुपयों को ना तो कोई हाथ लगा रहा था और ना ही उठाने की हिम्मत रख रहा था।

पैसों को देखते ही पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद गुरुग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और इन सभी पैसों को कब्जे में ले जांच के लिए भेज दिए हैं।
गुरूग्राम के पटौदी से कोरोना संक्रमण के कई मरीज सामने आए हैं और पटौदी के तीन इलाके कंटेनमेंट जोन भी घोषित हैं। ऐसे में खुले में पैसे मिलने से लोगों के अंदर डर है। गुरुग्राम पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन कोरोना संक्रमण फैलाने के लिए किसी ने इन पैसों को रोड पर छोड़ा था, ये तो रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।
