खाते में पैसे ट्रांसफर करवा रहे साइबर ठग शराब की होम डिलीवरी का लालच देकर
कोरोना महामारी के चलते देश भर में लॉकडाउन चल रहा है। लॉकडाउन के चलते जहां शराब के ठेके बंद है और शराब की अवैध तरीकों से तस्करी की जा रही है। ठेके बंद होने से जहां अवैध तरीकों से सप्लाई की जा रही शराब के रेट 4 गुना तक बढ़ गए हैं और रात को गला तर करने रे लिए लोग मुंह मांगे दामों पर शराब खरीद रहे हैं।
शराब की मांग को देखते हुए साइबर ठगों ने अब लालपरी का लालच देकर भी लोगों को ठगना शुरू कर दिया है। साइबर ठग पियक्कड़ों को लालपरी की होम डिलीवरी का लालच देकर ठगी के नए तरीकों को अंजाम दे रहे हैं। ये शातिर ठग बोतल के पैसे ऑनलाइन खाते में ट्रांसफर करवा लेते हैं और उसके बाद नंबर बंद करके गायब हो जाते हैं।
शराब की होम डिलीवरी के नाम पर ये शातिर ठग सोशल मीडिया का भी जमकर प्रयोग कर रहे हैं। फेसबुक व अन्य पोर्टल पर शराब की बोतलों को साथ फोटो व एरिया का नाम डालकर लोगों को ठगा जा रहा है। ऐसा ही मामला हिसार में सामने आया जब एक युवक ने शराब की होम डिलीवरी का दावा करते हुए खुद के नंबर के साथ पोस्ट डाल रखी थी। मामला तुरंत पुलिस कप्तान तक पहुंचा ते पुलिस ने नंबर को ट्रेस किया तो वह मेवात का था। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उस नंबर को बंद करवाया।
हिसार के पुलिस कप्तान गंगाराम पूनिया ने बताया कि यह साइबर ठगों द्वारा शराबबंदी के समय लोगों के साथ ठगी करने के लिए सब किया जा रहा है। साइबर ठग शराब की होम डिलीवरी के नाम पर ऑनलाइन खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लेते हैं। सम्बंधित मामले में आरेपी का नंबर ब्लॉक करवा दिया गया है अगर किसी के सामने ऐसा कोई मामला आता है तो तुरंत उसकी सूचना पुलिस को दें।