
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में वेलकम के पास सुभाष पार्क इलाके में सोमवार को आधी रात के बाद दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या किसने और किस वजह से की, अभी इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस ने बताया कि दोनों मृतकों को 300 मीटर की दूरी पर गोली मार दी गई और वे एक-दूसरे को जानते थे। जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रदीप और बबलू के रूप में हुई है। दोनों मृतकों की उम्र 40 साल बताई जा रही है। दोनों को ही 2-2 गोलियां मारी गई हैं। दोनों पेशे से मजदूर थे, लेकिन बबलू इलाके का घोषित अपराधी भी था।
बताया जा रहा है कि हत्याकांड से पहले दोनों एक साथ थे। हत्यारों ने पहले प्रदीप को गोली मारी और फिर बबलू की हत्या की गई। पुलिस ने इस संबंध में डबल मर्डर का केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि हत्यारों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं। पुलिस ने आज सुबह बताया कि उसे सुभाष पार्क इलाके में डबल मर्डर की सूचना मंगलवार तड़के 2:30 बजे मिली, जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और इस मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं।
डीसीपी (नॉर्थ ईस्ट दिल्ली) जॉय टिर्की ने बताया कि सुभाष पार्क इलाके के रहने वाले दो लोगों की अलग-अलग घटनाओं में गोली मारकर हत्या कर दी गई। 300 मीटर के अंदर दो लोगों को गोली मारी गई। दोनों मृतक एक-दूसरे को जानते थे। हमें आज सुबह करीब 2.30 बजे सूचना मिली..जब हमारी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, तो हमें पता चला कि एक अन्य व्यक्ति जिसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई, वह भी सुभाष पार्क का रहने वाला है। दिल्ली पुलिस अब सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है और हम चश्मदीदों से भी पूछताछ कर रहे हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है।”
NEWS SOURCE : livehindustan
