
गाजियाबाद के मोदीनगर के एक गांव में 13 साल की छात्रा के साथ उसके पड़ोस में रहने वाला युवक सात महीने से दुष्कर्म कर रहा था। किशोरी के गर्भवती होने पर परिजनों को इस बात का पता चला। पीड़ित लड़की आठवीं क्लास में पढ़ती है। भोजपुर थाना पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार सुबह आरोपी पक्ष के लोग पीड़िता के घर समझौता करने पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया और जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। इस मारपीट में कई लोग घायल हुए हैं। मोदीनगर के एक गांव अपने परिवार के साथ रहने वाले व्यक्ति की 13 साल की बेटी की सोमवर को अचानक तबीयत बिगड़ी हुई गई। परिजन किशोरी को तुरंत डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने लड़की का चेकअप कर बताया कि वह सात माह की प्रेग्नेंट है। यह सुनकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
परिजनों ने जब किशोरी से इसके बारे में पूछा तो उसने बताया कि पड़ोस में रहने वाला एक युवक काफी समय से उसके साथ दुष्कर्म करता आ रहा है। वह इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर भोजपुर थाने गए और पुलिस को लिखित तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पक्ष बना रहे समझौता का दबाव
मंगलवार सुबह आरोपी पक्ष के लोग पीड़ित पक्ष के घर पहुंचे और समझौता करने का दबाव बनाने लगे। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और जमकर लाठी-डंडे चले और पत्थरबाजी हुई। इस मारपीट में कई लोग घायल हो गए।
– रितेश त्रिपाठी (एसीपी मोदीनगर) ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। मारपीट की सूचना मिली है। पुलिस को मौके पर भेजा जा रहा है।
NEWS SOURCE : livehindustan
