
Geeta Colony Murder : राजधानी दिल्ली में श्रद्धा वाकर हत्याकांड जैसा एक और मामला सामने आया है। पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के नीचे बुधवार को धारदार हथियार से आठ टुकड़ों में काटा गया एक महिला का निर्वस्त्र शव मिलने से सनसनी मच गई। शव के टुकड़े बेहद सड़ी-गली हालत में मिले, लेकिन अभी तक धड़ का हिस्सा गायब है। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को सुबह करीब 9:30 बजे शव के बारे में सूचना मिली। आमतौर पर यह इलाका सुनसान रहता है, लेकिन यमुना में बाढ़ की वजह से खादर में रहने वाले लोग यहां टेंट लगाकर रह रहे हैं। इन्हीं लोगों ने शव के टुकड़े देखकर पुलिस को सूचना दी। उत्तर जिला पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने कूड़ा रखने वाले दो बैगों से शव के टुकड़े बरामद किए। चेहरा बिल्कुल सड़ चुका है, इसलिए महिला की पहचान नहीं हो सकी। लंबे बालों और क्लचर से शव के किसी युवती के होने की पुष्टि हुई है। डीसीपी (ईस्ट दिल्ली) सागर सिंह कलसी ने बताया कि महिला की उम्र 30 से 35 साल के बीच है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुटी है। विशेषज्ञों ने आशंका जताई है कि हत्या एक हफ्ते के भीतर की गई होगी।
शरीर को गलाने के लिए नमक का इस्तेमाल
पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव के टुकड़ों को गलाने के लिए नमक का भी इस्तेमाल किया गया था। पुलिस को सिर वाली पालीथीन में नमक के अंश मिले हैं। माना जा रहा है कि बारिश होने की वजह से नमक बह गया, जिसकी वजह से शव पूरी तरह से गल नहीं पाया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अवैध संबंधों के शक में इस तरह से हत्या की आशंका जताई जा रही है। उन्होने बताया कि हत्या करने के बाद शव के टुकड़े किए गए, जिसके बाद पॉलीथीन में रखा गया था।
गंडासे से शव के टुकड़े करने की संभावना
जांच से जुड़े वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि करीब 50 मीटर की दूरी में शव के टुकड़े बिखरे हुए थे। एक जगह काले रंग की पॉलिथीन में महिला के सिर और हाथ पड़े मिले। इससे कुछ दूरी पर अलग पॉलिथीन में दोनों पैर दो हिस्सों में पड़े थे। इसके बाद पुलिस यमुना किनारे ऊंची झाड़ियों के बीच शव के अन्य हिस्से ढूंढ़ने में जुट गई।
एफएसएल की टीम के विशेषज्ञों ने धारदार हथियार जैसे गंडासे आदि से शव के टुकड़े करने की संभावना जताई है। पुलिस ने धड़ की तलाश के लिए ड्रोन कैमरे का सहारा लिया। करीब दो घंटे तक ड्रोन कैमरे के सहारे पूरे इलाके की छानबीन की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस अधिकारी ने बताया कि धड़ के कहीं दूसरी जगह ठिकाने लगाने की संभावना जताई जा रही है।
हत्यारे के यमुनापार इलाके से आने की संभावना : वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल संभावना जताई जा रही है कि हत्यारे यमुनापार से आए होंगे। दरअसल, गीता कॉलोनी फ्लाईओवर यमुनापार से आते समय बाईं ओर टुकड़े मिले हैं। इसलिए संभावना जताई जा रही है कि इस पुल के किनारे बाईं तरफ से उतरकर शव को ठिकाने लगा दिया गया होगा।
गुमशुदगी की सूची खंगालने में जुटी पुलिस : पुलिस की एक टीम गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के दोनों तरफ लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच में जुट गई है। कम से कम एक हफ्ते पुरानी फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं, दूसरी टीम यमुनापार और पश्चिम यूपी की गुमशुदा युवतियों की सूची खंगालने में जुटी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पूरी जांच ही शव की पहचान पर टिकी है।
शरीर के सभी अंगों का डीएनए टेस्ट होगा
शव के टुकड़ों का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। इसके लिए सभी के नमूने लिए जाएंगे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि टुकड़े अलग अलग जगह से मिले हैं, इसलिए आपस में संबंध स्थापित करने के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। हालांकि पहचान नहीं होने पर अधिकतम 72 घंटे तक शव के शवगृह में रखने का नियम है। अगर पहचान नहीं हुई तो पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
NEWS SOURCE : livehindustan
