बहादुरगढ़ ट्रैफिक पुलिस में एसपीओ के पद पर तैनात एक व्यक्ति और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के ऊपर अवैध रूप से शराब तस्करी करने और लॉक डाउन के नियमों की अवहेलना करने का मामला दर्ज किया गया है। बादली पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए इन दोनों को गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी एएसआई ओम सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को मालूम चला कि बुपनियां गांव की ओर से एक गाड़ी में अवैध रूप से शराब लाई जा रही है। जिस पर एक्शन लेते हुए पुलिस ने नाकाबंदी की, इस दौरान एक कार में सवार दो व्यक्ति उस ओर आते हुए दिखाई दिए। जिन्हें रोकने पर वह भागने का प्रयास करने लगे।
इस पर एक्शन लेते हुए एएसआई ओम सिंह और उनकी टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। शराब से भरी गाड़ी को बहादुरगढ़ ट्रैफिक पुलिस में तैनात एसपीओ संदीप कुमार निवासी रेवाड़ी खेड़ा चला रहा था उसके हाथ साथ में उसका एक अन्य साथी सुरेश निवासी बजखेड़ा गुरूग्राम बैठा हुआ था।
गाड़ी को काबू करके पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो गाड़ी में से 32 पेटी देसी शराब की बरामद हुई। पेटियों में शराब के पव्वे भरे हुए थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शराब और गाड़ी को अपने कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
