पश्चिमी विक्षोभ एकबार फिर खतरनाक संकेत दे रहा है। इसके प्रभाव से बना चक्रवाती सिस्टम हरियाणा और आसपास के भागों पर भी है। इसकी वजह से उत्तर भारत में मौसमी गतिविधियां लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यही नहीं पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। वहीं मौसम का पूर्वानुमान है कि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी भारत पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र के कारण उत्तर प्रदेश से बिहार तक एक ट्रफ रेखा बन गई है। इन सिस्टमों के चलते बंगाल की खाड़ी से व्यापक ठंडी हवाएं दोनों राज्यों तक पहुंच रही हैं। अनुमान है कि चार से छह मई के बीच दोनों राज्यों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ तेज बारिश होगी। इस दौरान कहीं कहीं पर तेज आंधी पानी की भी आशंका रहेगी।
मौसम विभाग की मानें तो उत्तराखंड में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ मैदानों में झमाझम बारिश हो सकती है। वहीं पहाड़ों पर वज्रपात के साथ ओलावृष्टि लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। सूबे में लगातार हो रही बेमौसमी बारिश से किसानों के खेतों में कटी और खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तरी ओडिशा, झारखंड, उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली एनसीआर, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश में एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश संभव है। स्काईमेट वेदर की मानें तो बिहार और उत्तर प्रदेश में मई के दूसरे हफ्ते तक भी लू का प्रकोप नहीं दिखाई देगा।
